Breaking News

हादसे में 4 लोगों की मौत के 8 दिन बाद भी ओवरब्रिज के टूटे हिस्से की मरम्मत नहीं : केवल स्टॉपर लगाकर छोड़ा : वोरा बोले – अफसरों की लापरवाही की शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी

द सीजी न्यूज डॉट कॉम

धमधानाका ओवरब्रिज में हुई दुर्घटना से 4 लोगों की मौत के बाद एक हफ्ते से ज्यादा समय बीत चुका है, इसके बावजूद पीडब्लूडी अफसरों ने ब्रिज के पैरापेट वाल के टूटे हिस्से की मरम्मत नहीं की है। टूट-फूट वाले हिस्से पर यातायात विभाग के स्टॉपर से घेरने के सिवा पीडब्लूडी विभाग ने यहां कोई काम नहीं किया है। विधायक अरुण वोरा ने आज रात फ्लाईओवर से गुजरते हुए घटना स्थल पर रुककर यहां की अव्यवस्था देखने के बाद नाराजगी जताई है।

वोरा ने कहा कि पीडब्लूडी के अफसर घोर लापरवाही कर रहे हैं। विभाग की लापरवाही से यहां फिर हादसा हो सकता है। केवल स्टॉपर लगाने से दोबारा यहां और भी भयानक दुर्घटना हो सकती है। लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ करने की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।  वोरा ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक हफ्ते के भीतर फ्लाईओवर के टूट-फूट वाले हिस्से की मरम्मत का काम पूरा होना चाहिए। मरम्मत और संधारण कार्य न होने पर स्थानीय जिम्मेदार अधिकारियों की उच्च स्तर पर शिकायत की जाएगी।

वोरा ने अंडरब्रिज का निर्माण कार्य भी तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिये हैं। विधायक ने कहा कि अंडरब्रिज का निर्माण होने पर फ्लाईओवर का ट्रैफिक लोड कम होगा। इससे दुर्घटना की आशंका कम होगी। अंडरब्रिज के निर्माण कार्य में पहले ही काफी विलंब हो चुका है। यह काम तत्काल पूरा किया जाना चाहिए।

Check Also

रायपुर में 7-8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 8 हजार से ज्यादा पदों पर होगी भर्ती

रायपुर के इंडोर स्टेडियम में लगेगा मेला, युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों मिलेंगे ऑफर लेटर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!