- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृहक्षेत्र में सशस्त्र बल के साथ पहुंची टीम : खंगाल रही है दस्तावेज
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
रायपुर। पाटन में पूर्व जिला पंचायत सदस्य और बालोद में एक शराब कारोबारी के घर प्रवर्तन निदेशालय ED का छापा पड़ा है। ईडी के 13 सदस्यीय अधिकारियों की टीम सोमवार की सुबह पाटन के पास ग्राम गातापार पहुंचे। यहां पूर्व जिला पंचायत सदस्य जयंती साहू और उनके रिश्तेदार विमल साहू के घर पर छापा मारा गया। अफसर वहां दस्तावेज खंगाल रहे हैं। इनके दल्लीराजहरा समेत कुछ अन्य जगहों पर रिश्तेदारों के घर पर भी छापे मारे जाने की खबर है।

ईडी की टीम ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कंपनियां बनाकर लोन लेने के आरोपी सुभाष शर्मा के घर पर भी छापा मारा है। इन दिनो सुभाष शर्मा ईडी की रिमांड में हैं। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार जांच के लिए टीम घर समेत कई स्थानों पर जांच कर रही है। एक टीम सुभाष शर्मा के बालोद स्थिल घर में दबिश देने पहुंची है। शराब कारोबारी और होटल व्यवसाय से जुड़े सुभाष शर्मा के खिलाफ रायपुर के गोल बाजार और सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज थे।
2015 में गोल बाजार थाने में शिकायतकर्ता विक्रम राणा ने शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की। सुभाष शर्मा ने राणा की जमीन बंधक रखकर पंजाब नेशनल बैंक से करीब 16.50 करोड़ का कर्ज ले लिया था। किस्तें अदा न होने पर बैंक ने राणा को नोटिस भेजा। उसके बाद इस फ्रॉड की जानकारी हुई। गोल बाजार पुलिस ने अप्रैल 2018 में उसे गिरफ्तार किया। बाद में सुभाष शर्मा जमानत पर छूट गया और शहर छोड़ कर गायब हो गया।
सुभाष शर्मा ने अनेक बैंकों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का लोन लिया। इस बाबत छत्तीसगढ़ पुलिस और केंद्रीय जांच ब्यूरो में लगभग 54 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले दर्ज भी हुए।प्रवर्तन निदेशालय के सूत्र बताते है कि सुभाष शर्मा ने अनेक कागजी कंपनियां खोली थीं। आरोप है कि इन कंपनियों को बैंकों से लोन लेने के लिए ही खोला गया था, यहां कोई काम नहीं होता था।
सुभाष शर्मा ने होटल सफायर इन, गुडलक पेट्रोलियम कंपनी और मेसर्स विदित ट्रेडिंग कंपनी के लिए 38.50 करोड़ का कर्ज लिया था। यह रकम एक्सिस बैंक और पंजाब नेशनल बैंक रायपुर से ली गई थी। इनकी किस्तें अदा न होने पर बैंकों ने इस खाते को फ्रॉड घोषित कर दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal