- मुख्यमंत्री बलौदाबाजार में आयोजित मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के सम्मेलन में शामिल हुए
- मोपका कॉलेज का नामकरण स्व. रामनाथ वर्मा और तिल्दाबांधा में पेयजल के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की घोषणा
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में गौठानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गौठानों को ग्रामीण आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था के अनुरूप राज्य के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। बलौदाबाजार-भाटापारा के जिला मुख्यालय में आयोजित बलौदाबाजार राज कुर्मी क्षत्रिय समाज के अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मोपका कॉलेज का नामकरण स्व. रामनाथ वर्मा के नाम पर करने और ग्राम तिल्दाबांधा में पेयजल के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की घोषणा की। कार्यक्रम में 23 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को समाज की ओर से सम्मानित भी किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पुष्पा वर्मा द्वारा लिखित चित्रोत्पला प्रेमदीप पुस्तक का भी विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए कहा कि कुर्मी समाज प्रगतिशील समाज है। समाज में व्याप्त विभिन्न विसंगतियों को दूर करने सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी समाज में परिवर्तन के लिए शिक्षा बहुत आवश्यक है। बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्रदान करने में राज्य में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले गए हैं। केवल सरकारी नौकरी में ध्यान नहीं देना है, लोगों को व्यवसाय की तरफ भी बढ़ाना है। उनकी सरकार छत्तीसगढ़िया के अस्मिता को जगाने और छत्तीसगढी संस्कृति को बचाने लगातार कार्य कर रही है। स्थानीय तीज त्योहार और खान-पान को बढ़ावा दिया जा रहा है। ताकि, लोगों में गर्व की अनुभूति हो।

सम्मेलन की अध्यक्षता कुर्मी समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा ने की। उन्होंने सम्मलेन को सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्राम स्वराज के महात्मा गांधी के सपने को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आगे बढ़ा रहे हैं। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, संसदीय सचिव विधायक चंद्रदेव राय, शकुन्तला साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, पूर्व विधायक जनकराम वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कुर्मी समाज के राजप्रधान और पदाधिकारी व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal