द सीजी न्यूज डॉट कॉम
बीरभूम नरसंहार के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सख्त निर्देश पर पुलिस ने छापेमारी करते हुए 24 घंटे में बंगाल के अलग-अलग जगहों से 350 से ज्यादा क्रूड बम बरामद किये हैं। इसमें से सबसे ज्यादा बम बीरभूम के मारग्राम इलाके से बरामद हुए हैं। यहां करीब 200 बम मिले। पुलिस ने छापेमारी में क्रूड बम के साथ करीब एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की छापामार कार्रवाई में शनिवार को मारग्राम इलाके में 4 बाल्टी में रखे गए 200 बम बरामद किये गए। मारग्राम से हिंसा वाले बागटुई गांव की दूरी करीब 40 किमी है।
बीरभूम हिंसा के बाद बंगाल सरकार की हो रही किरकिरी को देखते हुए ममता बनर्जी ने एक्टिंग डीजीपी मनोज मालवीय को निर्देश दिये थे कि राज्य से सभी अवैध बम और हथियार बरामद किए जाएं। ममता बनर्जी के निर्देश के बाद पुलिस ने पूरे राज्य में अभियान छेड़ दिया है। पुलिस के अनुसार यह अभियान कम से कम 10 दिनों तक चलेगा।
बंगाल में बम हमले की चपेट में ममता सरकार के मंत्री जाकिर हुसैन सहित सांसद और विधायक भी आ चुके हैं। 2021 में चुनाव प्रचार करने मुर्शिदाबाद गए तत्कालीन मंत्री जाकिर हुसैन बम हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे। पिछले दिनों कोलकाता के पास भाजपा सांसद जगनाथ सरकार की कार पर बम से हमला किया गया था। वे इस हमले में बाल-बाल बच गए थे।
24 घंटे में 9 जिलों में मिले 350 से ज्यादा जिंदा बम
- पश्चिमी मेदिनीपुर के केशवपुर से पुलिस ने छापेमारी कर 100 क्रूड बम बरामद किए।
- मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से 4 बम बरामद हुए. जिले के कालियाचक इलाके में एक घर में बम फट गया, जिसमें तीन साल के बच्चे की मौत हो गई।
- उत्तर 24 परगना के जगदल थाना क्षेत्र से 8 बम बरामद किए गए हैं, जिले श्यामनगर प्रभाती संघ मैदान से तीन लोगों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया।
- छापेमारी के दौरान पूर्वी बर्दवान के मेमारी और कृष्णापुर से 5 बम बरामद किया गया। इस दौरान पुलिस ने 2 व्यक्ति को अरेस्ट किया।
- मुर्शिदाबाद के जंगीपुर से पुलिस को दो बाल्टी बम (14 पीस) मिले।
- उत्तर दिनाजपुर के रायगंज से पुलिस को 4 पाइप बम मिले। पुलिस ने बम के साथ 3 लोगों को गिरफ्तार किया।
- कोलकाता से सटे हावड़ा के नावापल्ली में 2 राउंड बम बरामद किया गया। बम के साथ पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया।
- नदिया के कृष्णानगर में छापेमारी के दौरान 14 क्रूड बम बरामद किए गए। पुलिस ने बम बनाने वाले 3 आरोपियों को भी पकड़ा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

