द सीजी न्यूज डॉट कॉम

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बेमेतरा जिले के विकासखण्ड मुख्यालय साजा में छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के 76 वें वार्षिक राज अधिवेशन धमधा राज के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र साजा की नगर पंचायत-साजा, देवकर, परपोड़ी, थानखम्हरिया और धमधा में अधोसंरचना विकास के लिए एक-एक करोड़ रुपये की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल साजा के लिए दो करोड़ रुपये और साजा में बनने वाले 50 बिस्तर मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच) का नामकरण स्व. बिंदेश्वरी देवी बघेल के नाम पर करने की घोषणा की।

समारोह में प्रदेश के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा, धमधा राज प्रधान चंद्रशेखर परगनिया, समाज के संरक्षक रामकुमार सिरमौर, नगर पंचायत अध्यक्ष साजा शालिनी जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस अवसर पर समाज के प्रतिभावान युवक-युवतियों को सम्मानित किया। पुरानी पेंशन योजना की बहाली पर साजा और बेरला के शासकीय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के ब्लॉक अध्यक्ष साजा कृष्ण कुमार राठी के नेतृत्व में सभी सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कुर्मी समाज की ओर से गजमाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज के केन्द्रीय अध्यक्ष चोवाराम वर्मा, धमधा राज प्रधान चंद्रशेखर परगनिया ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। इस अवसर पर कलेक्टर विलास भोसकर संदीपान, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ लीना मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व साजा धनराज मरकाम उपस्थित थे।