- बिरकोनी में यादव समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए सीएम
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जिला महासमुंद के बिरकोनी में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यादव सामाजिक भवन खल्लारी, शिवरीनारायण, सिरपुर, डबरा और मधुबन धाम धमतरी के निर्माण के लिए 20-20 लाख रुपए और बिरकोनी में सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 6 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे भी मौजूद थे।

सम्मेलन में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का यादव समाज द्वारा पारंपरिक वेशभूषा कौड़ी, पेटी-कुलेता, डंडा आदि पहना कर जोशीला स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए गांवों में गौठान निर्माण के साथ ही गोधन न्याय योजना के माध्यम से दो रुपए किलो में गोबर की खरीदी कर रही है। राज्य में गोबर खरीदी के एवज में पशुपालकों, गौपालकों के बैंक खातें में राशि का नियमित भुगतान किया जा रहा है। जिनके पास जमीन नहीं है, मवेशी नहीं है, वह भी गोबर बेचकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज के कई लोग खेती-किसानी के साथ-साथ गोबर बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रहे हैं। सभी जगह छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं की तारीफ हो रही है। दूसरे राज्य भी गोबर खरीदने की योजना बना रहे है। उनकी सरकार सभी समाज और वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है। प्रदेश में 10 हजार गौठानों में लगभग एक लाख 30 हजार एकड़ जमीन सुरक्षित की गई है। यहां के मजदूर, गरीब और किसानों के जीवन में बदलाव आ रहा है। सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया गया और बिजली बिल हाफ किया गया है। करीब तीन साल में 2200 करोड़ रूपए का बिजली बिल माफ किया। राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूर परिवार को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष की जगह अब 7 हजार रुपए दिया जाएगा। इन मजदूरों के खाते में 31 मार्च तक दूसरी किस्त दी जाएगी।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि यादव समाज संतोषी और अपने कार्य के दम पर आगे बढ़ने वाला समाज है। महासमुंद जिला धान उत्पादन करने वाला अग्रणी जिला है। गौठानों में उत्पादित लगभग 16 लाख क्विंटल जैविक खाद किसानों के खेतों में पहुंची है, जिससे अब रासायनिक खाद की चिंता नहीं रहेगी। सम्मेलन को संसदीय सचिव द्वारकाधीश यादव और चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने संबोधित किया और सामुदायिक भवन सहित अन्य मांग रखी। सम्मेलन में बसना के विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जनपद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू, छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, जिलाध्यक्ष राजू यादव सहित समाज के पदाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
