- जीई रोड पर धूल उड़ने के भाजपाई मुद्दे पर कांग्रेस नेता ने ली चुटकी
द सीजी न्यूज डॉट कॉम
दुर्ग। दुर्ग नगर निगम की बजट सभा कल 29 मार्च को बीआईटी कॉलेज के मैकेनिकल कान्फ्रेंस हॉल में होगी। महापौर बाकलीवाल और निगम कमिश्नर हरेश मंडावी ने अधिकारियों के साथ आज बैठक स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बजट सभा की सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान निगम के लोक कर्म प्रभारी अब्दुल गनी, कार्यपालन अभियंता नेमीचंद जैन, कार्यपालन अभियंता आर.के. पांडेय, सहायक अभियंता जितेंद्र समैया, सहायक अभियंता आर.के. जैन, सहायक अभियंता आर.के. पालिया, नोडल अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर के अलावा अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
बजट सभा को लेकर सत्तापक्ष और विपक्षी पार्षदों की अलग-अलग बैठक हो चुकी है। विपक्षी भाजपा पार्षदों के साथ बैठक में भाजपा नेताओं ने बजट सभा के दौरान आक्रामक तेवरों के साथ सत्तापक्ष को घेरने के लिए टिप्स दिये हैं। खास तौर पर सड़कों पर गड्ढे और धूल उड़ने की समस्या को प्रमुखता से उठाया जाएगा। नगर निगम में विकास के लिए पर्याप्त फंड लाने में विफलता के आरोप लगाने की तैयारी भी भाजपा पार्षदों ने की है। सत्तापक्ष को घेरने के लिए भाजपा पार्षद बजट पुस्तिका के साथ निगम कार्यालय से डेटा निकाल चुके हैं। विभिन्न मुद्दों का अध्ययन किया जा रहा है। दूसरी ओर, निर्दलीय पार्षद नीता जैन, अरुण सिंह, शिवेंद्र परिहार सहित अन्य पार्षद भी बैठक में हमेशा की तरह मुखर रहेंगे।
कांग्रेस पार्षद दल के मुखिया होने के नाते महापौर धीरज बाकलीवाल ने भी सभी कांग्रेस पार्षदों को पूरी तैयारियों के साथ बजट सभा में उपस्थित होने कहा है। बजट सभा में पिछली बैठकों की तरह एमआईसी मेंबर अब्दुल गनी, दीपक साहू, हमीद खोखर, ऋषभ जैन, जयश्री जोशी, जमुना साहू सहित अन्य कांग्रेस पार्षद विपक्ष को जवाबी हमले करेंगे। हालांकि कुछ कांग्रेस पार्षद गुटबाजी के कारण बजट सभा में मौन साधने की रणनीति भी बना रहे हैं।
कांग्रेस नेता की चुटकी : सड़क पर धूल नहीं … फूल उड़ते थे …
नगर निगम के पूर्व एमआईसी मेंबर व मध्य ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद ने भाजपा के मुद्दों पर चुटकी लेते हुए कहा है कि दुर्ग नगर निगम में पिछले 22 साल में पहली बार सही मायनों में ठोस तरीके से सुनियोजित विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अलताफ अहमद ने सड़क पर धूल उड़ने के मुद्दे का उपहास उड़ाते हुए कहा कि नगर निगम में 20 साल तक भाजपा परिषद के कार्यकाल में रोड कंस्ट्रक्शन के दौरान क्या सड़क पर धूल नहीं उड़ती थी ? क्या उनके कार्यकाल में सड़क निर्माण होने पर धूल की जगह फूल उड़ते थे। अलताफ ने कहा कि 15 साल के रमन सरकार के कार्यकाल में दुर्ग सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य नहीं हुए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में विधायक अरुण वोरा के मार्गदर्शन में जब शहर का चौमुखी विकास हो रहा है तो भाजपा नेताओं के पेट में मरोड़ उठने लगा है। भाजपा का एकमात्र कार्यक्रम विकास कार्यों में रोड़े अटकाना है। शहर की जनता भाजपा की नौटंकी को समझ चुकी है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
