- गरीबों को पट्टा दिलाने की बात कहकर स्लम एरिया से जुटा रहे भीड़
- 15 साल के भाजपा शासनकाल में हुए विकास कार्यों से ज्यादा काम कांग्रेस सरकार ने साढ़े 3 साल में कराए
द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि शहर में विकास न होने का झूठा आरोप लगाकर नगर निगम घेरने की तैयारी करने वाले भाजपा नेता वार्डों में घूम घूम कर भ्रम और अफवाह फैला रहे हैं। भाजपा नेता स्लम एरिया के लोगों को पट्टा दिलाने का वादा करते हुए प्रदर्शन में भीड़ जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। वोरा ने नसीहत देते हुए कहा कि बेहतर यही होगा कि भाजपा नेता झूठ और अफवाह की बुनियाद पर राजनीति न करें। इससे यह भी पता चलता है कि भाजपा नेताओं के पास विकास के नाम पर कोई मुद्दा ही नहीं बचा है।
वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर पूरे प्रदेश में पट्टा वितरण की कार्रवाई चल रही है। वार्डों में लगने वाले शिविर में आवेदन लिये जा रहे हैं। वोरा खुद कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि सभी पात्र लोगों को पट्टा दिया जाएगा। अपात्र आवेदकों के आवेदनों का परीक्षण कराने के बाद पट्टा देने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद भाजपा नेता स्लम एरिया में रहने वाले गरीबों, जरूरतमंद लोगों से झूठ बोलकर प्रदर्शन में भीड़ जुटाने के लिए यह प्रपंच कर रहे हैं
वोरा ने सवाल किया कि भाजपा नेता उस समय कहां गायब हो गए थे, जब शहर में कोरोना संकट फैला था। लोगों को राशन, दवाई, इलाज व अन्य जरूरतों के लिए भाजपा नेताओं ने मदद क्यों नहीं की। उस दौर में कांग्रेस नेताओं और सामाजिक संगठनों ने शहर के जरूरतमंद लोगों की मदद की। पिछले साढ़े 3 साल से भाजपा नेता कहां गायब रहे?
वोरा ने कहा कि दुर्ग शहर में 64 करोड़ की लागत से जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण, 30 करोड़ की लागत से शिवनाथ नदी पर लक्ष्मण झूला, 15 करोड़ की लागत से ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट, शहर के समग्र विकास के लिए नगर निगम को 30 करोड़ से ज्यादा राशि दिलाने सहित विभिन्न विभागों के द्वारा बहुआयामी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इतने विकास कार्य 15 साल के भाजपा शासनकाल में नहीं किये गए।
वोरा ने कहा कि दुर्ग शहर को वे अपना परिवार मानते हैं और दुर्ग शहरवासियों के विकास के लिए 24 घंटे तत्परता से सक्रिय रहते हैं। दुर्गवासियों के आशीर्वाद और सहयोग से आगे भी शहर में विकास कार्य और सेवा कार्य किये जाएंगे। वोरा ने भाजपा नेताओं से कहा है कि डेढ़ दशक तक सत्ता में रहकर विकास न कराने वाले भाजपा नेताओं के पास मौका है कि वे कांग्रेस की परिषद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शहर विकास में सहयोग दें। झूठे आरोपों की बुनियाद पर अफवाह फैलाकर राजनीति करना किसी भी मायने में उचित नहीं है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
