द सीजी न्यूज
दुर्ग। मध्य ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अलताफ अहमद ने अग्निपथ योजना का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। अलताफ ने कहा कि देश के युवा पिछले तीन साल से देश सेवा की भावना लेकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सरकार ने अग्निपथ योजना शुरू कर युवाओं के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। अग्निपथ योजना राष्ट्रहित में भी नहीं है।
अलताफ ने कहा कि युवाओं को चार साल के बाद सेना से सेवानिवृत्त कर दिया जाएगा। केंद्र सरकार को बताना चाहिए कि चार साल के बाद ओवर एज हो चुके युवाओं का क्या होगा। ग्रेच्युटी और पेंशन का इस योजना में कोई प्रावधान ही नहीं है। देश के डिफेंस विशेषज्ञों ने भी अग्निपथ योजना के सैनिकों के भरोसे जंग जीतने के सवाल पर चुप्पी साध ली है। इस योजना के तहत युवकों को सैन्य प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। यह पूरी योजना देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। केंद्र सरकार को इस योजना को तत्काल वापस लेना चाहिए।
अलताफ अहमद ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले किसान विरोधी तीन काले कानून बनाए। सैकड़ों किसानों की मौत और साल भर चले आंदोलन के बाद यह कानून वापस लिया गया। अब सेना भर्ती को लेकर नई योजना लागू करने से पूरे देश में अग्निपथ योजना की आग फैल रही है। देश के युवा सड़कों पर हैं। हिंसक आंदोलन हो रहे हैं। देश की संपत्ति फूंकी जा रही है। केंद्र सरकार हर मामले में पूरी तरह विफल हो चुकी है। यह कानून तत्काल वापस लिया जाना चाहिए।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
