• प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की नियमित सप्लाई करने का किया आग्रह
  • पिछले एक-दो माह से छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कम हो रही है आपूर्ति
  • पेट्रोल-डीजल की कमी से किसानों और आम जनता को करना पड़ रहा है कठिनाईयों का सामना
  • अति आवश्यक एम्बुलेंस सेवा हो रही प्रभावित
  • खेती-किसानी का कार्य पिछड़ रहा है

द सीजी न्यूज 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के किसानों और नागरिकों को पेट्रोल-डीजल की कमी से हो रही समस्याओं से अवगत कराया है। सीएम ने छत्तीसगढ़ में स्थित सभी पेट्रोलियम कंपनियों के डिपो में पेट्रोल-डीजल की नियमित सप्लाई करने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि पिछले एक-दो महीने से छत्तीसगढ़ राज्य में पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति कम हो गई है, जिससे कई जिलों के पेट्रोल पम्प ड्राई होते जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ पेट्रोलियम डीलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा भी अवगत कराया गया है कि मेसर्स हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड के छत्तीसगढ़ में 750 रिटेल आउटलेट हैं, जिसमें पेट्रोल, डीजल की नियमित सप्लाई न होने से कई दिन बंद की स्थिति रहती है।

पूर्व में बफर स्टॉक 4-5 दिन के लिये रहता था, विगत 1-2 माह से बफर स्टॉक केवल 1 दिन के लिये बच रहा है, जो कि कई बार खत्म हो जा रहा है और डिपो भी ड्राई हो जाता है। मुख्यमंत्री ने लिखा है कि छत्तीसगढ़ में किसानों को डीजल न मिल पाने से खेती के कार्याें में दिक्कत हो रही है। ग्रामीण अचलों में डीजल न मिल पाने से अति आवश्यक सेवा एम्बुलेंस परिवहन और आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। डीजल व पेट्रोल नियमित रूप से न मिलने से खेती पिछड़ जाएगी, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। ग्रामीण अंचलों के रिटेल आउटलेट को एडवांस भुगतान के बाद भी डीजल-पेट्रोल की सप्लाई नहीं की जा रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से आग्रह किया है कि मेसर्स  हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पाेरेशन लिमिटेड, मेसर्स भारत पेट्रोलियम और मेसर्स इंण्डियन ऑयल कार्पाेरेशन लिमिटेड के छत्तीसगढ़ में स्थित डिपो में पेट्रोल और डीजल की नियमित सप्लाई कराएं ताकि ताकि कृषकों और आम जनता को कठिनाईयों का सामना न करना पड़े।