- साइकिल भ्रमण पर निकले महापौर ने खिलाड़ियों को दिया भरोसा
- पालतू मवेशियों को खुले में छोड़ने वालों को दी चेतावनी
द सीजी न्यूज
भिलाई-3 / साइकिल पर नगर भ्रमण करने निकले महापौर निर्मल कोसरे ने कहा है कि रेलवे कालोनी भिलाई-3 के खेल मैदान को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करते हुए शानदार स्पोर्ट्स ग्राउंड बनाया जाएगा। यहां सुविधाएं विकसित करने के लिए रायपुर डीआरएम से चर्चा की जाएगी। महापौर ने खिलाड़ियों से को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस दिशा में पहल की जाएगी। महापौर ने पालतू मवेशियों को खुला छोड़ने वालों को कार्रवाई की चेतावनी दी है।
महापौर निर्मल कोसरे आज लगातार चौथे रविवार को साइकिल भ्रमण पर निकले। वसुंधरा नगर दक्षिण स्थित अपने निवास से साइकिल पर सवार होकर पार्षद और कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ निकले महापौर ने सिरसा चौक, बजरंग पारा, गांधी नगर, नेहरू नगर, आजाद चौक, रेलवे कालोनी, डबरा पारा, बिजली कालोनी सहित भिलाई-3 बाजार वार्ड के नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्या के साथ ही विकास की प्राथमिकता को लेकर विचार विमर्श किया।
रेलवे कालोनी मैदान में फुटबॉल का अभ्यास कर रहे खिलाड़ि्यों ने महापौर को मैदान के चारों ओर लगे तार के कुछ स्थानों पर टूटने के कारण मवेशियों के अंदर आने से होने वाली दिक्कतों की ओर ध्यानाकर्षण कराया। कोसरे ने शीघ्र ही तार का घेरा व्यवस्थित कराने के साथ ही रेलवे डीआरएम से चर्चा कर मैदान को बेहतर स्वरूप प्रदान करने का आश्वासन दिया। महापौर ने लोगों से मिली शिकायत पर खुले में घूमने वाले मवेशियों के पालकों को चेतावनी दी। महापौर ने कहा कि मवेशी पालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ रहे हैं। रोका छेका अभियान के दौरान मवेशियों को पकड़कर जरवाय व गनियारी के गौठान में ले जाया जाएगा। डबरा पारा में पर्याप्त उपलब्धता के बावजूद नहर पार क्षेत्र में पानी की किल्लत दूर करने के लिए उन्होंने पाइप लाइन विस्तार कराने के निर्देश अधिकारियों को दिया।
साइकिल भ्रमण के दौरान महापौर के साथ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनोज मढ़रिया, एमआईसी सदस्य मोहन साहू, एस. वेंकट रमना, एम. जॉनी, मनोज डहरिया, पार्षद टेनेन्द्र ठाकरे, डे साहब वर्मा पूर्व पार्षद लावेश मदनकर, ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री पप्पू चंद्राकर, एल्डरमैन राजेश बघेल, कांग्रेस नेता मिलिंद दानी, युवराज कश्यप, शरद डोरा अशफाक अहमद, इंद्रजीत यादव दीपेश वर्मा, उमेश वर्मा, अरमान अहमद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


