द सीजी न्यूज
भिलाई नगर / रायपुर में 11 जुलाई को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद बिहार के पथ निर्माण मंत्री व छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गलत किया है, तो उन्हें भी जेल जाना होगा। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। प्रदेश में हुए निर्भया कांड पर एक भी बयान कांग्रेस पार्टी की ओर से न आना दुर्भाग्यजनक है।
नितिन ने कहा कि आतंकवादी हाफिज सईद की पसंदीदा पार्टी कांग्रेस है। वर्ष 2023 का चुनाव सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ चुनाव लड़ा जाएगा। भाजपा की ओर से चेहरा पार्टी का चिन्ह कमल होगा जबकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश संगठन आजादी के अमृत महोत्सव के तहत भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता सामाजिक कार्यकर्ता बनकर राष्ट्र भावनाओं को ध्यान में रखते हुए समूचे छत्तीसगढ़ के नागरिकों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
उन्होंने कहा कि पहली बार देश में आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। इसके कारण एनडीए से बाहर भी समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी आग्रह किया कि प्रदेश में अनुसूचित जनजाति की आबादी 32% है। इसलिए आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होने को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ के विधायकों का समर्थन भी एनडीए के राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार को मिलना चाहिए।
प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त
नितिन नवीन ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। रेत माफिया, कोल माफिया का राज चल रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के सहयोगी इन घोटालों में शामिल हैं। राज्य की जनता से माफी मांगने की बजाए राज्य सरकार आरोप-प्रत्यारोप लगा रही है। चुनौती देते हुए नितिन ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करें। अगर कार्रवाई करने से बचते हैं तो यह प्रमाणित होता है कि सरकार भी इन लोगों के साथ शामिल है।
विगत दिनों महिला उत्पीड़न के कई मामले हुए, परंतु कांग्रेस की ओर से एक भी बयान नहीं आया, न ही उनकी पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से कुछ कहा गया। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता केवल घड़ियाली आंसू बहाने में लगे हुए हैं। दिल्ली में एक पत्रकार को गिरफ्तार करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस दूसरे राज्य में पहुंच गई, जबकि छत्तीसगढ़ में हो रही घटना के लिए पुलिस तत्पर नहीं है।
सूर्यकांत तिवारी द्वारा दिए गए बयान पर नितिन नवीन ने कहा कि वे चुनौती देते हैं कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में है तो इसकी जांच करें और दोषियों पर कार्यवाही करें। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रदेश की सड़कों की बदहाल स्थिति है। प्रदेश सरकार का ध्यान केवल भ्रष्टाचार में लगा है। उन्हें सड़कें बनाने की चिंता नहीं है। पत्रकार वार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु देव साय, राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय व भाजपा नेता उपस्थित थे। इससे पहले बैठक में मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, मंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व मंत्री रामविचार नेताम, सांसद अरुण साव सहित पूरे प्रदेश के पदाधिकारी उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
