- सिटी बसों का परिचालन जल्द शुरू करने कलेक्टर ने दिया आश्वासन
द सीजी न्यूज
दुर्ग। विगत 2 वर्षों से बंद सिटी बसों का परिचालन शुरू करने जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से मुलाकात की और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सिटी बस जल्द शुरू करने का आग्रह किया। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने कहा कि अगर शीघ्र सिटी बसों का परिचालन प्रारंभ नहीं किया गया, तो शासन-प्रशासन के विरुद्ध जनता के साथ आंदोलन छेड़ा जाएगा। हर स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
जितेन्द्र वर्मा ने कलेक्टर से कहा कि कोरोना महामारी के बाद दुर्ग से विभिन्न मार्गो पर चलने वाली राज्य शासन की सिटी बस सुविधा को बंद हुए आज 2 वर्ष से अधिक समय व्यतीत हो चुका है। महामारी के बाद पिछले कई महीनों से सामान्य स्थिति है और शासन-प्रशासन, बैंकिंग, हाट बाजार जैसे काम-काज सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद दुर्ग जिले की जनता को प्रदेश सरकार द्वारा अब तक सिटी बस की सुविधा से वंचित रखा गया है। आम जनता के आवागमन और परिवहन का सस्ता सुलभ साधन है, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा सिटी बस सुविधा को दोबारा शुरू करने के प्रति उदासीनता बरती जा रही है, जिसका खामियाजा दुर्ग जिले की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों को ऑटो या प्राइवेट बसों से सफर करना पड़ रहा है, जिसका मनमाना किराया वसूला जा रहा है।
ऑटो वालों ने डीजल के बढ़े हुए दाम के बहाने अपना रेट दोगुना कर दिया है। आम जनता को दो से तीन किलोमीटर के लिए भी 10 से 20 रुपये खर्च करना पड़ रहा है। निजी बसों के संचालकों ने भी डीजल की कीमत बढ़ने के बहाने किराया बढ़ा दिया है। पहले पावर हाउस से दुर्ग का किराया 20 रुपये था, अब 30 रुपये है। इसी तरह रायपुर का किराया 40 की जगह 50 रुपये हो गया है।
जिला अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने ज्ञापन सौंपने के बाद कहा कि दो वर्ष पहले भिलाई दुर्ग में 70 सिटी बसें संचालित थी जो भिलाई से दुर्ग, दुर्ग से अंडा, जेवरा सिरसा, भिलाई से पावर हाउस, भिलाई तीन, चरोदा, कुम्हारी, रायपुर, पाटन, अहिवारा और सुरडुंग तक चलती थी। इनका न्यूनतम किराया 10 रुपये था। रायपुर तक का किराया 20 रुपये था, इस सुविधा के बंद होने के बाद इसे बहाल नहीं किए जाने के कारण गरीब और मध्यम वर्ग की जनता को आटो या प्राइवेट बसों से सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक क्षति हो रही है, जिसके लिए प्रदेश की भूपेश सरकार जिम्मेदार है। सभी पड़ोसी प्रदेशों जैसे महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उड़ीसा में सिटी बसों का संचालन पूरी तरह से शुरू हो चुका है, लेकिन छत्तीसगढ़ में अपनी अकर्मण्यता को छिपाने के लिए कोरोना महामारी का बहाना बनाया जा रहा है और सिटी बस की सुविधा को बहाल नहीं किया जा रहा है।
कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा द्वारा सिटी बसों का परिचालन जल्द ही शुरू करने का आश्वासन दिया गया है। प्रतिनिधिमंडल में जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर व नटवर ताम्रकार, जिला उपाध्यक्ष कल्पना जोशी, बसंत चंद्राकर, मनोज मिश्रा, नीरज पाण्डेय, महिला मोर्चा अध्यक्ष उपासना चंद्राकर, भाजयुमो अध्यक्ष नितेश साहू, गौरव शर्मा, मोनू साहू, फत्तेलाल वर्मा, दिलीप साहू, मुकेश बेलचन्दन आदि शामिल रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
