- कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल डायवर्सन सुधार कार्य शुरू
द सीजी न्यूज
नारायणपुर। जिला प्रशासन द्वारा अतिवृष्टि के कारण बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं। वे खुद नदी-नालों, पुल-पुलियों का निरीक्षण भी कर रहे हैं। रात में कलेक्टर को सूचना मिली कि नारायणपुर जिले के अंतिम छोर कड़ेमेटा कैम्प के आगे भारी बारिश के चलते डायवर्सन टूट गया है।
जिले के अंतिम छोऱ और घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी सहित पूरा प्रशासनिक अमला रात 2 बजे मौके पर पहुँचा और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पुल के ऊपर से पानी का बहाव हो रहा है। सावधानी बरतते हुए कलेक्टर ने पुल के ऊपर से आवागमन को प्रतिबन्धित कराया। मौके पर जवानों को तैनात किया गया। कलेक्टर ने पानी का बहाव कम होने पर आवागमन को बहाल करने और तत्काल डायवर्सन को ठीक करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। ग्रामीणों और सेना के जवानों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने देने के निर्देश भी दिये ।
कलेक्टर के निर्देश के बाद तत्काल डायवर्सन का सुधार कार्य शुरू किया गया, ताकि आवागमन को बहाल किया जा सके। कलेक्टर की पहल से क्षेत्र के ग्रामीणों में ख़ुशी की लहर है। डिप्टी कलेक्टर प्रदीप वैद्य, नगर सेना सेनानी मनोहर चौहान, तहसीलदार मुकेश ठाकुर और आकाश भारद्वाज द्वारा भी मौका निरीक्षण किया गया।
कंट्रोल रूम और नोडल अधिकारी का नम्बर जारी
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी ने भारी बारिश में प्राकृतिक आपदा से बचाव और राहत व्यवस्था करने के लिए अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता को बाढ़ नियंत्रण अधिकारी नियुक्ति किया है। अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता का दूरभाष नंबर +91-07781-252905 और मोबाईल नंबर +91-91657-57092 है। कार्यालय कलेक्टर के कक्ष क्रमांक-20 में बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक +91-07781-252214 है। बाढ़ आपदा नियंत्रण कक्ष में अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष 24 घण्टे चालू रहेगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
