- उरला एरिया के वार्ड 57 और 58 में विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज सुबह पदयात्रा करते हुए नागरिक समस्याओं का जायजा लिया
द सीजी न्यूज
दुर्ग शहर के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने आज पटरीपार क्षेत्र में उरला वार्ड क्रमांक 57 और 58 का दौरा किया और निगम अफसरों को यहां की नागरिक समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिये। नागरिकों ने बताया कि वार्ड में जलभराव के कारण लोगों को आवागमन सहित विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या से अवगत कराने वार्ड के नागरिकों ने वोरा को समस्या का जानकारी मोबाइल फोन पर दी।
समस्याओं की जानकारी मिलने पर विधायक अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल व निगम अधिकारियों के साथ वार्ड 57 और 58 का दौरा किया। पिछले दिनों बारिश के दौरान जल भराव से वार्ड के ओम नगर, साई नगर, बजरंग पारा, बीड़ी कॉलोनी, इंदिरा आवास, संगम चौक सहित विभिन्न मोहल्ले और बस्तियों में पदयात्रा करते हुए विधायक-महापौर ने नागरिकों से समस्याएं पूछी। वोरा ने बजरंग पारा के पास नाले का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली को निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को राहत देने के लिए जरूरी कार्य करें। पानी निकासी की व्यवस्था इस तरह करें कि दोबारा पानी का जमाव न होने पाए। अटल आवास जाने वाले मार्ग पर पुलिया के नीचे बैठे मवेशियों के कारण आवागमन में होने वाली परेशानियों का निराकरण तत्काल करने के निर्देश दिये गए। वोरा ने कहा है कि सभी नागरिक समस्याओं का निराकरण कर लिया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नंदू महोबिया, ज्ञानू बागड़े, कन्या ढीमर, राहुल अग्रवाल, मोहित वालदे, उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



