- कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा ने निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे के साथ ठगड़ा बांध के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया
- निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का ध्यान रखने कहा
द सीजी न्यूज
दुर्ग। कलेक्टर पुष्पेंद्र मीणा आज ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे ने उन्हें निर्माणाधीन प्रोजेक्ट की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। कमिश्नर ने बताया कि एजेंसी को युद्ध स्तर पर कार्य करने के लिए निर्देश दिये गए हैं। इस प्रोजेक्ट की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। कलेक्टर ने कहा कि ठगड़ा बांध का लोकेशन बहुत शानदार है। इसके बगल में बॉयो डायवर्सिटी पार्क है। सुबह और शाम का समय गुजारने के लिए यह बेहद आदर्श स्थल साबित होगा।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी सरोवर का सबसे खास हिस्सा उसका आइलैंड होता है। इसके लैंडस्कैपिंग पर विशेष रूप से ध्यान दें। निर्माण में अन्य उद्यानों में जिस तरह से खूबसूरत प्रयोग किए गए हैं, उनका भी ध्यान रखें। लाइटिंग की व्यवस्था शानदार होनी चाहिये, ताकि शाम के समय ग्रीनरी और लाइटिंग के साथ शानदार लैंडस्कैपिंग से पूरा व्यू निखर जाए।
कमिश्नर ने बताया कि ठगड़ा बांध के आइलैंड तक पहुंचने का अनुभव शानदार होगा। इसके लिए 8 फीट चौड़ा एप्रोच ब्रिज बनाया जा रहा है। एप्रोच ब्रिज का तल पारदर्शी यानी कांच का होगा। पारदर्शी होने के कारण एप्रोच ब्रिज और आईलैंड की खूबसूरती निखर जाएगी। ब्रिज से पैदल गुजरने वाले लोगों को नीचे का सरोवर देख कर बहुत खुशी होगी। कलेक्टर ने यहां चौपाटी, फूड जोन की बेहतर व्यवस्था करने के साथ ही सिटिंग की विशेष रूप से प्लानिंग करने के निर्देश दिये, ताकि लोग यहां काफी देर तक समय गुजार सकें। कलेक्टर ने कहा कि यह सुंदर प्रोजेक्ट है और प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दुर्ग शहर सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल करेगा। कलेक्टर ने पार्किंग स्पेस आदि की भी जानकारी ली।
गौरतलब है कि 16 करोड़ 21 लाख रुपए के इस प्रोजेक्ट से दुर्ग-भिलाई के नागरिकों को मनोरंजन के लिए बेहतरीन सुविधा मिल सकेगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के कार्यपालन अभियंता प्रमोद दुबे, सहायक अभियंता जितेंद्र समैया, सहायक अभियंता आरके पालिया, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, मोहित मरकाम के अलावा कंस्ट्रक्शन एजेंसी के अधिकारी मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

