Breaking News

उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य, ऊर्जा कार्यक्रम : बिजली से लोगों के जीवन में हुई तरक्की : गृहमंत्री

द सीजी न्यूज 

दुर्ग। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘‘उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य, ऊर्जा /2047 – बिजली महोत्सव’’ कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय दुर्ग के पद्मनाभपुर स्थित विवेकानंद सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने हरेली त्योहार की बधाई प्रेषित करने के साथ ही बिजली के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश आज तेजी से विकास की दिशा में बढ़ रहा है, उसमें ऊर्जा क्षेत्र में बेहतर कार्यों का बड़ा योगदान है। प्रदेश आज देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अपनी बड़ी भूमिका अदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं में जागरुकता बहुत जरुरी है। बिजली का उपयोग बहुत सहूलियत से करें, जितना जरूरी है, उतना ही करें। गृह मंत्री ने आंधी-तूफान और बारिश में संघर्ष करते हुए बिजली सुधारने वाले लाइनकर्मियों की तारीफ भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक अरुण वोरा ने कहा कि बिजली से आम जनता के जीवन में काफी तरक्की हुई है। लोगों का जीवन आसान हुआ है और उनकी सुविधाओं व ज्ञान में वृद्धि करने में ऊर्जा बहुत अधिक सहायक हुई है। वोरा ने कहा कि राज्य के बिजली उत्पादन और ऊर्जा विकास को प्रोत्साहित करने के लिए यह उत्सव मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के तौर पर महापौर धीरज बाकलीवाल उपस्थित थे।

गौरतलब है क केन्द्रीय ऊर्जा मंत्रालय व राज्य शासन के समन्वय से 25 से 31 जुलाई 2022 तक आयोजित इस बिजली महोत्सव के दौरान सभी जिलों में दो कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी सहित केंद्रीय विद्युत उपक्रम आरईसी लिमिटेड, एनटीपीसी सहित अन्य उपक्रम संयुक्त रूप से शामिल हो रहे हैं। इसमें जिला प्रशासन की भी भागीदारी है। 28 जुलाई को दुर्ग जिला मुख्यालय में बिजली महोत्सव का आयोजन किया गया।

बिजली महोत्सव में बताया गया कि देश में बिजली का उत्पादन 2 लाख 48 हजार मेगावाट से बढ़कर चार लाख मेगावाट हो चुका है। आज हम पड़ोसी देशों को बिजली निर्यात करते हैं। अकेले दुर्ग जिले में 5 लाख से अधिक विद्युत उपभोक्ता हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी द्वारा 400 यूनिट तक आधे दर पर दुर्ग जिले के उपभोक्ताओं को 311 करोड़ 56 लाख रुपए की छूट प्रदान की गई है। जिले में मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत 1135 कार्य 27 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से संपन्न किए गए। सौभाग्य योजना के अंतर्गत जिले के 13429 घरों को विद्युत कनेक्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन की बिजली बिल हाफ योजना, मोर बिजली एप, मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना, मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को अवगत कराया गया। केंद्र सरकार की सौभाग्य योजना और डीडीयूजीजेवाई योजना, कुसुम योजना व उपभोक्ता के अधिकार, क्रेडा विभाग द्वारा जिला दुर्ग में स्थापित सौर संयंत्रों की परियोजनावार जानकारी सहित अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में भारत सरकार और राज्य सरकार के द्वारा ऊर्जा, वैकल्पिक ऊर्जा, वितरण एवं ट्रांसमिशन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की उपलब्धियों, योजनाओं आदि को प्रदर्शन बैनर, पोस्टर, आडियो विजुअल, नुक्कड़ नाटक सांस्कृतिक कार्यक्रम द्वारा प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी सहित केंद्रीय विद्युत उपक्रम आरईसी लिमिटेड, एनटीपीसी, एनएसपीसीएल सहित अन्य उपक्रम संयुक्त रूप से शामिल हुए। इसमें जिला प्रशासन की भी भागीदारी रही।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सीएसपीडीसीएल दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता एम. जामुलकर, अधीक्षण अभियंता द्वय ए.के.गौराहा और  तरुण कुमार ठाकुर, कार्यपालन अभियंता ए.के.बिजौरा, सतीश कुमार वर्मा, आर.के.चन्द्राकर, एनएसपीसीएल के एजीएम जानकी प्रसाद और सीनियर मैनेजर आकाशदीप अग्रवाल, क्रेडा के जिला प्रभारी टी.आर.ध्रुव व जिला प्रशासन के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Check Also

भिलाई नगर निगम की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, 42 वार्डों के 11,339 मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में दर्ज : 7 अधिकारियों को नोटिस

THE CG NEWS दुर्ग/ नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के लिए तैयार की जा रही …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!