• छत्तीसगढ़ के परीक्षार्थियों को मिली सुविधा

द सीजी न्यूज 

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी की उल्लेखनीय पहल से हज कमेटी ऑफ़ इंडिया द्वारा यूपीएससी परीक्षा की कोचिंग व गाइडेंस सेल के लिए आज रायपुर में पहली बार प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। रायपुर के  प्रोफ़ेसर जे. एन. पांडेय, शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय में आयोजित परीक्षा में छत्तीसगढ़ राज्य के 17 विद्यार्थियों ने भाग  लिया।

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद असलम खान ने बताया कि हज कमेटी ऑफ़ इंडिया मुंबई में यूपीएससी द्वारा आयोजित की जाने वाली आईएएस व इंडियन अलाइड सर्विसेस की परीक्षा में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए कोचिंग व गाइडेंस सेल का संचालन किया जाता है। कोचिंग एवं गाइडेंस सेल में सत्र 2022-23 में प्रवेश के लिए आज देश भर में कुल 13 स्थानों पर प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया है जिसमें रायपुर भी शामिल है। परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रदेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राज्य हज कमेटी ने प्रयास कर रायपुर सेंटर निर्धारित कराया। रायपुर में आज पहली बार प्रवेश परीक्षा का सफल आयोजन हुआ। इसके पूर्व राज्य के विद्यार्थियों का परीक्षा सेंटर मुंबई निर्धारित था। रायपुर में इस परीक्षा के आयोजन से सभी विद्यार्थियों को काफी सुविधा मिली।

परीक्षा का आयोजन प्रोफ़ेसर जे. एन. पांडेय, शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय के प्राचार्य एम.आर. सावंत व सहयोगी शिक्षकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर राज्य हज कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद असलम खान, सचिव साजिद मेमन, हाजी ज़फर अमजद, जे. एन. पांडेय शासकीय बहुउद्देशीय विद्यालय के प्राचार्य एम. आर. सावंत व सहयोगी शिक्षक, हज कमेटी ऑफ़ इंडिया से आए पर्यवेक्षक वसीम अहमद सहित छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।