शुक्रवार को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम को वापस रायपुर लौट आए। उन्होंने एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान भाजपा को घेरा। भाजपा ने पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा मनाने का संकल्प लिया है। इस पर टिप्पणी करते हुए भूपेश बघेल ने कहा – सेवा करें अच्छी बात है। मगर देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस, खाद्य तेल के दाम कम कर दें देश के लोगों की अपने आप सेवा हो जाएगी।
उन्होंने अनुसूचित जनजातियों के केंद्रीय सुची के मामले में भी भाजपा पर हमला बोला – छत्तीसगढ़ में 15 साल तक भाजपा को मौका मिला, डॉ रमन सिंह ने इसे राजनीतिक लाभ के तौर पर लिया। आदिवासी को वोट बैंक समझते रहे हैं। हमने प्रयास किया और हमें सफलता मिली। इसका भाजपा के लोग श्रेय कैसे ले सकते हैं। हमनें पीएम काे धन्यवाद दिया है।
13 किलोमीटर पैदल चले CM
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर वापस लौटे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यात्रा के पहले चरण में भी वे शामिल हुए थे। आज एक बार फिर यात्रा में शामिल हुआ। करीब 13 किलोमीटर की पैदल पदयात्रा की। यात्रा को आम जनता का जबर्दस्त समर्थन मिल रहा है। राहुल गांधी के साथ लोग जुड़ रहे हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
