- 23 और 24 को चार वार्डों में वाटर सप्लाई प्रभावित रहेगी
द सीजी न्यूज
नगर निगम की टीम ने कल रात पटेल चौक के पास फूटी पाइपलाइन की मरम्मत का काम आज पूरा कर लिया। शाम 7 बजे तक शहर के करीब 40 वार्डों में पानी सप्लाई हो चुकी है। शेष वार्डों में रात 10 बजे तक पानी सप्लाई कर ली जाएगी। पीडब्लूडी की लापरवाही के कारण कल सुबह मालवीय चौक पर पाइपलाइन फूटी। इसके बाद शाम को पटेल चौक के पास पाइपलाइन फूटने का पता चला। जिससे कई वार्डों में कल शाम से पानी सप्लाई ठप रही।
आज सुबह विधायक अरुण वोरा ने महापौर धीरज बाकलीवाल सहित नगर निगम के पार्षदों के साथ फूटी पाइपलाइन की मरम्मत का काम देखा। वोरा ने मरम्मत का काम तत्काल पूरा करने के निर्देश दिये। वोरा के सख्त निर्देशों के बाद मरम्मत का काम पूरा होने के बाद आज प्रभावित वार्डों में पानी सप्लाई शुरू की गई। वोरा ने कहा है कि भविष्य में ऐसा दोबारा न होने पाए। जीई रोड के उन्नयन और सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है, लेकिन इसके कारण पाइपलाइन फूटने जैसी घटना नहीं होनी चाहिए। पीडब्लूडी और नगर निगम तालमेल और सामंजस्य के साथ कार्य करें ताकि शहर का विकास प्रभावित न हो।
वोरा ने साफ कहा कि शहर की जनता को जलसंकट जैसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए निगम प्रशासन अलर्ट मोड में कार्य करें। पानी सप्लाई जैसी बुनियादी जरूरत के लिए नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। विभागीय अधिकारी इसका ध्यान रखें। इधर महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताया कि अधिकांश वार्डों में पानी सप्लाई की व्यवस्था बहाल हो गई है। रात तक सभी वार्डों में पानी सप्लाई करने निर्देश दिये गए हैं। प्रभावित वार्डों में कल से नियमित पानी सप्लाई होगी।
चार वार्डों में दो दिनों तक पानी सप्लाई प्रभावित रहेगी
इधर, बोरसी एरिया की पानी टंकी में कल अमृत मिशन के तहत कार्य होने के कारण 23 और 24 सितंबर को पानी सप्लाई प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। वार्ड 49, 50, 51 और 52 में दो दिनों तक वाटर सप्लाई व्यवस्था पर असर पड़ेगा। निगम अफसरों ने बताया कि अमृत मिशन योजना के तहत बोरसी जोन की पानी टंकी में वाल्व लगाने का कार्य 23 सितंबर से प्रारंभ होगा। यह कार्य 24 सितंबर तक चलेगा। यह कार्य जारी रहने के कारण चार वार्डों में नल नहीं खुलेंगे। प्रभावित क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से पानी सप्लाई की जाएगी। महापौर धीरज बाकलीवाल, निगम कमिश्नर प्रकाश सर्वे और जलकार्य प्रभारी संजय कोहले ने प्रभावित एरिया के नागरिकों से पानी सप्लाई में रुकावट के लिए खेद व्यक्त किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

