द सीजी न्यूज
कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। कांग्रेस इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री ने अध्यक्ष चुनाव के लिए गुरुवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 1 अक्टूबर को नॉमिनेशन की जांच की जाएगी और उसी दिन वैलिड कैंडिडेट्स की लिस्ट जारी हो जाएगी। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। एक से अधिक कांग्रेस नेताओं ने नामांकन दाखिल किया तो 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 19 अक्टूबर को नतीजे आएंगे।
अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं दो वरिष्ठ कांग्रेस नेता
अब तक कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अशोक गहलोत और शशि थरूर के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। दोनों नेताओं ने इस बात के संकेत दे दिये हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह, कमलनाथ और मनीष तिवारी के चुनाव लड़ने की अटकलें भी जताई जा रही थी, लेकिन दिग्विजय सिंह ने आज चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। कमलनाथ के चुनाव लड़ने की अटकलों पर भी विराम लग गया है। मनीष तिवारी ने चुनाव लड़ने को लेकर अभी तक अधिकृत बयान नहीं दिया है। यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि नामांकन कौन-कौन दाखिल करेगा और 17 अक्टूबर तक चुनाव मैदान में कौन-कौन डटा रहेगा।
1997 में तीन दिग्गज लड़े थे चुनाव : 2000 में हुए चुनाव में सोनिया गांधी जीती : जितेंद्र प्रसाद को मिली थी करारी हार
साल 1997 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए तीन दिग्गज मैदान में डटे थे। तीनों ने चुनाव लड़ा। सीताराम केसरी, शरद पंवार और राजेश पायलट के बीच हुए मुकाबले में सीताराम केसरी ने शरद पंवार और राजेश पायलट को भारी-भरकम अंतर से हराया। केसरी को 6,224 वोट मिले। पंवार को 882 और पायलट को 354 वोट मिले। इसके बाद कांग्रेस में अध्यक्ष पद के लिए साल 2000 में चुनाव हुआ। सोनिया गांधी के सामने जितेंद्र प्रसाद ने नामांकन दाखिल किया। सोनिया गांधी को करीब 7448 वोट मिले। जितेंद्र प्रसाद को सिर्फ 94 वोट मिले। 2000 में सोनिया गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद राहुल गांधी 2017 से 2019 तक अध्यक्ष बने। सोनिया गांधी का कार्यकाल 1998 से 2017 तक रहा। साल 2019 में राहुल गांधी के इस्तीफा देने के बाद एक बार फिर सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष बनीं और अभी वे ही इस पद पर हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
