द सीजी न्यूज
दुर्ग / शहर में विकास कार्यों को लेकर आज विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने नगर निगम मुख्यालय में आज पांच घंटे तक मंथन किया। महापौर कक्ष में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ ही उन खबरों पर पूर्ण विराम लगा दिया गया, जिसमें विकास को लेकर विधायक और महापौर के संबंधों में सब कुछ ठीक न होने की अटकलें चल रही थी। स्पष्ट संदेश दिया गया कि विधायक-महापौर सहित सभी कांग्रेस प्रतिनिधि शहर विकास से जुड़े सभी मुद्दे पर एकजुट हैं।
बैठक में अफसरों को साफ निर्देश दिये गए कि विकास कार्यों को अब किसी भी हाल में रोका न जाए। नगर निगम में पर्याप्त धनराशि है। विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा दुर्ग नगर निगम को भरपूर राशि दी गई है। अब बिना विलंब किये तत्काल सभी विकास कार्य कराए जाएं। पेंडिंग कार्यों को तत्काल पूरा करने कहा गया।
विधायक और बाकलीवाल ने निगम अफसरों की मौजूदगी में पेंडिंग विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। विधायक निधि, अधोसंरचना मद, मेंटेनेंस सहित अन्य मद से स्वीकृत राशि के संबंध में अफसरों से जवाबतलब करते हुए विधायक और महापौर ने कहा कि अनावश्यक रूप से विकास कार्यों में विलंब नहीं किया जाना चाहिए। अब एक-एक विकास कार्य की समीक्षा की जाएगी। महापौर धीरज बाकलीवाल ने स्पष्ट कहा कि विधायक अरुण वोरा सहित सभी जनप्रतिनिधियों की भावनाओं के अनुरूप तत्काल विकास कार्य कराए जाएं।
बैठक में वोरा ने कहा कि शहर की जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किये जाने चाहिए। शहर की जनता को सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतें। लापरवाही बरतने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। वोरा ने कहा कि नगर निगम में कांग्रेस की परिषद द्वारा ठोस विकास कार्य कराए गए हैं। पिछली सरकार के 15 साल के शासनकाल में दुर्ग विकास कार्यों के लिहाज से काफी पिछड़ गया। अब तेजी से विकास कार्य कराते हुए दुर्ग शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कुछ जनप्रतिनिधि कर रहे नगर निगम की वर्तमान परिषद का दुष्प्रचार
विधायक और महापौर ने बैठक में नाराजगी जताई कि कई जनप्रतिनिधि कांग्रेस की परिषद के कामकाज का लगातार दुष्प्रचार कर रहे हैं। नगर निगम में पर्याप्त विकास कार्य स्वीकृत होने और भरपूर राशि होने के बावजूद अनर्गल प्रचार किया जा रहा है। शहर और जिले के सभी भाजपा नेता विधायक अरुण वोरा की सक्रियता से सकते में हैं। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी के ही कुछ जनप्रतिनिधि गलत नीयत से दुष्प्रचार कर रहे हैं। इस दौरान मेयर कक्ष में एमआईसी मेंबर जयश्री जोशी, दीपक साहू, अब्दुल गनी, एल्डरमेन रत्ना नारमदेव सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
