- छत्तीसगढ़ से कोई नहीं
द सीजी न्यूज
मल्लिकार्जुन खड़गे ने आज बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। AICC मुख्यालय दिल्ली में सोनिया, राहुल और प्रियंका गांधी वाड्रा की उपस्थिति में चुनाव अधिकारी मधुसूदन मिस्त्री ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। इसके बाद खड़गे ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की मीटिंग की। अपने पहले फैसले में खड़गे ने CWC के बदले 47 सदस्यों की स्टीयरिंग कमेटी का ऐलान किया।
इसमें सोनिया गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह, राहुल गांधी समेत 47 लोगों को शामिल किया गया है। हालांकि टीम में खड़गे के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शशि थरूर को जगह नहीं मिली है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को कमेटी में शामिल किया गया है। CWC कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च कार्यकारी संस्था है। खड़गे के ऐलान के बाद अब नई स्टीयरिंग कमेटी ही पार्टी संगठन से जुड़े बड़े फैसलों पर मुहर लगाएगी।
नई स्टीयरिंग कमेटी में शामिल लोगों की पूरी लिस्ट …

50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान
अध्यक्ष बनने के बाद खड़गे ने कहा कि पार्टी में 50 फीसदी पद 50 साल से कम उम्र के लोगों को दिया जाएगा। खड़गे ने कहा कि उदयपुर अधिवेशन में इसे लेकर प्रस्ताव पास किया गया था। अब उस पर अमल किया जाएगा।
भाजपा का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना पूरा नहीं होगा
भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे पर तंज कसते हुए खड़गे ने कहा कि नया भारत बनाने के नाम पर भाजपा कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का नारा दे रही है, क्योंकि वे जानते हैं कि जब तक कांग्रेस मौजूद है, तब तक वे ऐसा नहीं कर सकते। हम ऐसा नहीं होने देंगे और इसके लिए लगातार लड़ाई जारी रखेंगे। खड़गे ने कहा कि आज मेरे लिए बहुत भावुक क्षण है। आज एक सामान्य कार्यकर्ता को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष चुनकर ये सम्मान देने के लिए मैं आप सबको हार्दिक धन्यवाद देता हूं। कांग्रेस झूठ और नफरत का दायरा तोड़ेगी। लोगों से अपील है कि वे पार्टी के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने के लिए साथ आएं। खड़गे ने कहा कि मैं जानता हूं कि यह कठिन समय है, कांग्रेस ने जिस लोकतंत्र की स्थापना की थी, उसे बदलने की कोशिश की जा रही है। भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद, इससे पूरे देश में नई ऊर्जा का संचार हो रहा है।
सोनिया बोलीं- पद छोड़कर राहत मिली
इस मौके पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने कहा कि खड़गे को अध्यक्ष पद की कमान सौंपकर वे राहत महसूस कर रही हैं। उनके सिर से बड़ा बोझ उतर गया है। उन्होंने कहा- मैं नए पार्टी अध्यक्ष खड़गे जी को बधाई देती हूं। वे एक अनुभवी और जमीनी नेता हैं। वे अपनी मेहनत और समर्पण से इस ऊंचाई तक पहुंचे हैं। सोनिया ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद भी दिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

