- गुजरात चुनाव के लिए कांग्रेस की तरफ से आठ वचन जारी किए गए हैं, जिसको राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के जरिए शेयर किया है।
द सीजी न्यूज
भारत जोड़ो यात्रा के बीच विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सक्रिय आने लगी है। रविवार को राहुल गांधी ने एक ट्वीट किया जिसमें गुजरात चुनाव को लेकर कांग्रेस के आठ वचनों को शेयर किया गया है। इसे शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा कि कांग्रेस लोगों को भाजपा के डबल इंजन के धोखे से बचाएगी।
राहुल गांधी ने किया भाजपा सरकार पर बड़ा हमला
राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में गुजरात चुनाव को लेकर कई वादे किये हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, “500 रुपये में LPG सिलेंडर, युवाओं को 10 लाख नौकरियां, किसानों का 3 लाख तक क़र्ज़ा माफ़ – हम, गुजरात के लोगों से किए कांग्रेस के सभी 8 वचन निभाएंगे। भाजपा के ‘डबल इंजन’ के धोखे से बचाएंगे, प्रदेश में परिवर्तन का उत्सव मनाएंगे।”
ये हैं कांग्रेस के 8 वचन
कांग्रेस के आठ वचनों में घरेलू महिलाओं, शिक्षा, युवाओं, कोरोना पीड़ितों, स्वास्थ्य, किसानों और गुजरात की सुरक्षा को लेकर वादा किया है। कांग्रेस ने वचन दिया है कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर घरेलू महिलाओं को गैस सिलेंडर 500 रुपये में और घरेलू बिजली की 300 यूनिट फ्री होगी। इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने की बात कही गई है।
कांग्रेस इन आठ वचनों के साथ 1 व 5 दिसंबर को परिवर्तन का उत्सव मनाएगा। इन वचनों में केजी से पीजी तक के लिए लड़कियों की शिक्षा मुफ्त, अंग्रेजी माध्य्म के 3000 नए स्कूल खोले जाएंगे। वहीं 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी, कॉन्ट्रैक्ट की जगह पक्की नौकरी व बेरोजगारों को 3000 रुपये में भत्ता दिया जाएगा।
कांग्रेस ने इस सबके साथ ही मुफ्त दवाएं और 10 लाख तक फ्री में इलाज की बात कही है। तीन लाख रुपये तक किसानों का कर्ज माफ, किसानों के बिजली बिल माफ, कोरोना से जान गंवाने वालों के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक मदद का वचन लिया है। इसके अलावा कांग्रेस के वचन में इंदिरा रसोई योजना के तहत आठ रुपये में भोजन की व्यवस्था करना भी शामिल है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
