- महापौर और आयुक्त ने कहा रंग लाई कर्मचारियों की मेहनत
- अवार्ड लेने 30 नवंबर को जाएंगे दिल्ली
द सीजी न्यूज
दुर्ग/ नगर निगम दुर्ग एक बार फिर देश में अपनी उपलब्धि को लेकर चर्चा में है। दुर्ग नगर निगम को कचरा प्रबंधन में एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इस बार सीआईआई थ्री आर अवार्ड 2022 से दुर्ग नगर निगम को नवाजा गया है। 30 नवबंर को सीआईआई 3 आर अवार्ड दिया जाएगा।
महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम कमिश्नर लोकेश चंद्राकर ने कचरा प्रबंधन को लेकर लगातार मॉनिटरिंग की है। इसके कारण नगर निगम को यह महत्वपूर्ण अवार्ड दिया जाएगा। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि आने वाले वर्षों में नगर निगम एक बार फिर सफाई व्यवस्था में बेहतर सुधार करते हुए टाप रैंकिंग हासिल करेगा। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश से नगर निगम, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों ने हिस्सा लिया था। नगर निगम दुर्ग को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ।
इस क्षेत्र में मिला पुरस्कार
दुर्ग नगरनिगम को यह पुरस्कार शहर में उत्पादित कचरे के बेहतर प्रबंधन, पुनर्चक्रण व निष्पादन के क्षेत्र में मिला है। नगर निगम 3 आर (रिड्यूज, रिसाइकल व रियूज) के सिद्धांत के तहत सालिड वेस्ट मैनेजमेंट में बेहतर कार्य कर रहा है घर पर ही डोर टू डोर कचरा संग्रहण के माध्यम से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग कर लिया जाता है। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के दौरान 100% प्रतिशत कचरा सूखा और गीला कचरा अलग-अलग कर सुखे कचरे का विक्रय और गीले कचरे से खाद बनाने के साथ ही सभी वार्डों में ब्यूटीफिकेशन पॉइंट, सभी वार्डों में नाली व रोड की सफाई, व्यवसायिक परिसर मे रात्रिकालीन सफाई, स्व सहायता समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें काम देना, विंडो गाड़ी का इनोवेशन कर सूखे कचरे से प्रोडक्ट बनाकर विक्रय, स्लम एरिया में विशेष सफाई अभियान जैसे कार्य किये जा रहे हैं। गीले कचरे व गोबर का उपयोग कर वर्मी कम्पोस्ट, सुपर कम्पोस्ट व सोनहा खाद निर्माण में किया जा रहा है। सूखे कचरे को मणि कंचन केन्द्र में अलग-अलग किया जाता है, जिसमें गत्ता, पुटटा, पेपर, बाटल, प्लास्टिक इत्यादि होता है, इसे बेचकर मणि कंचन केन्द्र में कार्य करने वाली स्वच्छता दीदीयां आय अर्जित कर आत्म निर्भर बनने की ओर अग्रसर है।
सीआईआई संस्था से अवार्ड मिलना बड़ी उपलब्धि
सीआईआई यानी कॉन्फेडरेशन ऑॅफ इण्डियन इंडस्ट्रीज (भारतीय उद्योग परिसंघ) की स्थापना 1895 में हुई। यह भारत की एक गैर सरकारी, गैर लाभ, उद्योग नेतृत्व प्रबंधित संगछन है। यह भारत की औद्योगिक विकास प्रक्रिया में एक सक्रिय भूमिका निभा रहा है। महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि आम जनता के सहयोग से दुर्ग निगम ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में प्रथम स्थान अवार्ड प्राप्त करने में सफल हुआ है। निगम कर्मियों व अन्य लोगों की भी इसमें बड़ी भागीदारी रही है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
