Breaking News

सबइंजीनियर सस्पेंड : कमिश्नर ने कलेक्टर से मिली रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की

  • मटियादर्री एनीकट संचालन में लापरवाही बरतने का मामला

द सीजी न्यूज

दुर्ग कमिश्नर महादेव कांवरे ने राजनांदगांव जिले के जल संसाधन विभाग की उपअभियंता किरण रामटेके को शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया है। निलंबन की यह कार्रवाई राजनांदगांव कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर की गई है।  डोंगरगांव विकासखण्ड अंतर्गत मटियादर्री एनीकट के संचालन में उपअभियंता द्वारा बरती गई लापरवाही के चलते एनीकट को नुकसान होने के साथ ही 20 किसानों की फसल की क्षति हुई और जमीन कटाव का उल्लेख भी रिपोर्ट में किया गया है। उपअभियंता किरण रामटेके का निलंबन अवधि में मुख्यालय कार्यपालन अभियंता कार्यालय, जल संसाधन संभाग राजनांदगांव निर्धारित किया गया है।

राजनांदगांव कलेक्टर डोमन सिंह ने कमिश्नर दुर्ग को प्रेषित अपने प्रतिवेदन में उल्लेख किया है कि डोंगरगांव विकासखण्ड के अंतर्गत मटियादर्री एनीकट कम काजवे का निर्माण वर्ष 2015 कराया गया था। इसकी लम्बाई 173 मी और ऊंचाई 2.5 मीटर है। एनीकट से भूजल स्तर में वृद्धि के साथ निस्तारी व किसान स्वयं के साधन से खरीफ और रबी फसल के लिए सिंचाई करते हैं। एनीकट के अपस्ट्रीम में इटेकवेल का निर्माण 2 वर्ष पूर्व लोक स्वास्थ्य यात्रिकी विभाग द्वारा डोंगरगाव के पेयजल की आपूर्ति हेतु किया गया है। इससे डोंगरगांव नगर के पेयजल की आपूर्ति की जाती है।

12 सितम्बर 2022 को भारी वर्षा होने से कैचमेंट का पानी और मोगरा बैराज से छोड़ा गया पानी मिलाकर कुल 85,400 क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा था, जिससे बाढ़ की स्थिति निर्मित होने से एनीकट का बांया तट आऊट फ्लैकिंग हो गया। एनीकट का बाडीवॉल सुरक्षित है। आऊट फ्लैकिंग होने से कृषकों की लगभग 5-6 एकड़ फसल खराब हो गई और जमीन का कटाव हो गया। तहसीलदार, डोंगरगाव से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार ग्राम मटिया के 20 कृपकों की फसल क्षति और जमीन का कटाव हो गया। एनीकट का संचालन प्रारंभिक रूप से उपअभियंता द्वारा किया जाता है। इस कार्य में हुई लापरवाही के कारण दुर्ग संभागायुक्त महादेव कावरे ने कलेक्टर के प्रतिवेदन के आधार पर सबइंजीनियर को सस्पेंड कर दिया।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!