द सीजी न्यूज
नए साल का आगाज होते ही दुर्ग शहर में विकास की कई नई सौगातें मिलेगी। वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने कहा है कि वर्ष 2023 में शहरवासियों को शिवनाथ नदी के महमरा तट पर लक्ष्मण झूले की सौगात मिलेगी। वोरा ने बताया कि लक्ष्मण झूले का प्रोजेक्ट तैयार हो चुका है। वित्त विभाग से मंजूरी मिलते ही इसका काम शुरू कर दिया जाएगा। वित्तीय स्वीकृति के लिए वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे और योजना की वित्तीय स्वीकृति देने का आग्रह करेंगे।
वोरा ने बताया कि लक्ष्मण झूले का निर्माण करीब 32 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इसके लिए इस्टीमेट व डिजाइन आदि का काम पूरा हो चुका है। प्रोजेक्ट की ड्राइंग डिजाइन का परीक्षण आईआईटी दिल्ली के विशेषज्ञों द्वारा कराया गया है। शासन से वित्तीय मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
खूबसूरत गार्डन और कैफेटेरिया की सुविधा के साथ शानदार पिकनिक स्पॉट बनेगा महमरा तट
दुर्ग में शिवनाथ नदी के महमरा तट पर राज्य का चौथा लक्ष्मण झूला बनाया जाएगा। वोरा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को लेकर वे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे से चर्चा कर प्रोजेक्ट को शीघ्र प्रारंभ कराएंगे। करीब 255 मीटर लंबे और 3 मीटर चौड़े लक्ष्मण झूले का निर्माण किया जाएगा। डेकोरेटिव डेक के साथ रंगीन लाइटिंग व्यवस्था से लक्ष्मण झूले को बेहद आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इंटेकवेल के आसपास पार्किंग जोन भी बनेगा। महमरा छोर पर 25 एकड़ एरिया में गार्डन और कैफेटेरिया के साथ फाउंटेन भी बनाया जाएगा। लक्ष्मण झूला का निर्माण पूरा होने पर शिवनाथ नदी का तट रमणीय पिकनिक स्थल बन जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

