- जनसशक्तिकरण के लिए नया वर्ष प्रदेश के लिए होगा निर्णायक : वोरा
द सीजी न्यूज
छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने सभी प्रदेश वासियों को नववर्ष 2023 की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुर्ग शहर समेत सम्पूर्ण प्रदेश की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को जनसेवा का मौका मिला है। पिछले 4 वर्षों में हर नया वर्ष नई उम्मीदें और नई ऊंचाइयों की सौगात लेकर आता है। 17 दिसंबर 2018 से किसानों की कर्ज माफी से शुरू हुआ जनकल्याणकारी नीतियों का सिलसिला अनवरत जारी है।
वोरा ने कहा कि संवेदनशीलता की जो मिसाल कांग्रेस सरकार ने पेश की है, वह अन्य प्रदेशों के लिए एक मॉडल है। गोधन न्याय, किसान न्याय, स्लम स्वास्थ्य, मोबाइल मेडिकल यूनिट, हाट बाजार, नोनी सशक्तिकरण, महतारी दुलार, स्वास्थ्य सहायता, सस्ती दवा दुकान, किसानों की फसल से लेकर वनोपज और तेंदूपत्ता का सर्वाधिक समर्थन मूल्य प्रदान कर भूपेश सरकार ने इतिहास रचा है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था और शहरी अधोसंरचना के विकास का इससे बेहतर समन्वय आज तक देखने नहीं मिला।
वोरा ने कहा कि नववर्ष 2023 के लिए सरकार ने अपने दम पर बिना केंद्रीय सहायता के पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने का निर्णय लेकर यह बता दिया है कि आने वाला वर्ष सर्वहारा वर्ग के लिए सौगातों भरा और जनकल्याण की दिशा में निर्णायक होगा। वोरा ने दुर्ग शहर वासियों की ओर से मुख्यमंत्री को साधुवाद देते हुए 64 करोड़ के मुख्यमार्ग, 8 करोड़ से प्रकाश व्यवस्था, 11 करोड़ के बोरसी रुआ बांधा मार्ग, 11 करोड़ के सर्जिकल वार्ड, ट्रामा सेंटर, हमर क्लिनिक, 16 करोड़ के ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट समेत शहर को दिए गए एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान, 25 करोड़ से जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट की स्वीकृति के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया और नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
