- प्रशासन तुहंर द्वार अभियान अंतर्गत पाटन ब्लाक के ग्राम औंधी में आयोजित हुआ शिविर
द सीजी न्यूज
दुर्ग / ग्राम औंधी में आज प्रशासन तुंहर द्वार कार्यक्रम में ग्रामीणों ने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा से सचिव और रोजगार सहायक की लापरवाही की शिकायत की। ग्रामीणों का कहना था कि इनकी लापरवाही से शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कुछ ग्रामीणों ने औंधी में जॉब कार्ड न बनाए जाने की शिकायत की। कलेक्टर ने शिविर में ही सचिव को सस्पेंड करने और रोजगार सहायक को हटाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर ने कहा कि जनपद सीईओ और पंचायत विभाग का अमला सभी गांवों में सरपंच-सचिवों के साथ बैठे और जॉब कार्ड व मनरेगा से संबंधित समस्या का हल करें। शिविर में कुल 464 आवेदन आए, जिसमें 292 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शिविर में हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण भी किया गया। मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से ग्रामीणों का इलाज भी किया गया। शिविर में मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा, निज सचिव केके चंद्रवंशी, जिला कृषि उपज मंडी अध्यक्ष अश्विनी साहू, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, जिला पंचायत सीईओ अश्विनी देवांगन, एसडीएम विपुल गुप्ता व जनपद सीईओ मुकेश कोठारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
हाई मास्ट लाइट की शिकायत – औंधी में हाईमास्ट लाइट और क्रेडा विभाग द्वारा लगाई गई लाइट में खराबी की शिकायत आई। कलेक्टर ने क्रेडा के इंजीनियर को फौरन ठीक कराने के निर्देश दिये। एसडीएम को सभी सोलर स्ट्रक्चर की रिपोर्ट देने कहा। उन्होंने कहा कि सोलर लाइटिंग से संबंधित खराबी आने पर किसी भी स्थिति में ठीक करने में विलंब नहीं होना चाहिए।
च्वाइस सेंटर के संचालन अधिकार निरस्त करने के निर्देश – ग्रामीणों ने बताया कि साहू च्वाइस सेंटर का संचालक जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों के लिए अधिक राशि लेता है। कलेक्टर ने निर्धारित राशि से अधिक वसूल किये जाने की शिकायत ग्रामीणों से मिलने पर सेंटर के संचालन अधिकार निरस्त करने के निर्देश दिये। एसडीएम को इस बात की जांच के निर्देश दिये कि अन्य चाइस सेंटर में भी आवेदन के लिए कहीं अधिक राशि तो वसूल नहीं की जा रही।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

