- विधायक वोरा ने शहर में संचालित हमर क्लीनिकों की सुविधाओं का जायजा लिया
द सीजी न्यूज
राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने शुक्रवार को शहर में संचालित हमर क्लीनिकों का दौरा किया और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। ओपीडी में आने वाले नागरिकों से बातचीत के दौरान वोरा ने स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ वोरा ने सभी 10 वार्डों में सर्वसुविधायुक्त नवीन क्लिनिक निर्माण के लिए स्थल का अवलोकन भी किया।
करीब 4 घंटे तक सभी प्रस्तावित वार्डों में स्वास्थ्य विभाग और सीजीएमएससी के अधिकारियों के साथ भ्रमण के दौरान वोरा ने कहा कि घर के पास ही अस्पताल की सुविधा उपलब्ध कराने हमर क्लीनिक की व्यवस्था की जा रही है। सर्वसुविधायुक्त भवन निर्माण के लिए 10 स्थानों पर 25-25 लाख रु स्वीकृत किये गए हैं। स्थल निर्धारण होने के बाद जल्द ही नवीन भवन का निर्माण कराया जाएगा।
वोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में लगातार दुर्ग में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। 14 करोड़ के मातृ शिशु अस्पताल, 3 करोड़ के ऑक्सीजन प्लांट, 11 करोड़ से सर्जिकल वार्ड, ट्रामा सेंटर के निर्माण के बाद 24 करोड़ रु से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कर जिला अस्पताल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। 75-75 लाख की लागत से पोटिया, बघेरा और धमधा नाका में सर्वसुलभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनाए गए हैं। मोबाइल मेडिकल यूनिट और हमर क्लीनिकों में अब तक घर के पास अपने ही वार्ड में 50 हजार से अधिक लोगों ने मुफ्त जांच और दवा की सुविधा प्राप्त की है।
वोरा ने बताया कि प्रथम चरण में 2.5 करोड़ से 10 नए क्लीनिकों का निर्माण जल्द प्रारंभ होगा। इस समय दुर्ग शहरी क्षेत्र में राज्य शासन की योजना के अंतर्गत 10 वार्डों में हमर क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं, जहां लगातार लोगों को मुफ्त इलाज व दवाएं वितरित की जा रही हैं। विधायक वोरा के प्रयासो से सभी जगहों पर स्थल का चिन्हांकन कर लिया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद नए भवन का निर्माण किया जाएगा। भ्रमण के दौरान डॉ राजेन्द्र खंडेलवाल, सीपीएम टार्जन आदिले, पार्षद बृजलाल पटेल, विजयंत पटेल, जमुना साहू, अश्वनी निषाद एल्डरमैन राजेश शर्मा, अंशुल पांडेय, महेंद्र साहू, सीजीएमएससी अभियंता ललित वर्मा मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
