द सीजी न्यूज
दुर्ग/ महापौर धीरज बाकलीवाल और निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने आज गौरवपथ के चौड़ीकरण व सौंदर्यीकरण योजना के तहत 5 करोड़ 44 लाख की लागत से बनने वाले कार्यों का निरीक्षण किया। गांधी चौक से सुआ चौक तक गौरव पथ के चौडीकरण व उन्नयन कार्य के निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिये। पटेल काम्पलेक्स के सामने स्थित गुमटियों-दुकानों को उसी मार्ग में व्यवस्थित किया जाएगा। दुकानदारों को 7 दिनों के भीतर आबंटित गुमटी को स्वयं पीछे हटाकर व्यवस्थित करने कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान महापौर धीरज बाकलीवाल और आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने दुकानदारों से मुलाकात कर अधिकारियों से कहा कि दुकानों को 6 फीट तक पीछे करने में दुकानदारों की मदद करें। करीब डेढ़ मीटर चौड़े डिवाइडर के दोनों ओर 7.7 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। गौरव पथ टू लेन का होगा। सडक़ का चौड़ीकरण होने पर नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी। गौरवपथ के वर्तमान स्वरूप को बेहतर और नया लुक देने के साथ ही सुगम आवागमन के लिए चौड़ीकरण किया जा रहा है।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि गौरवपथ का चौड़ीकरण जेल तिराहा से जेआरडी स्कूल के सामने स्थापित गांधी की प्रतिमा तक किया जाएगा और सड़क के दोनों ओर नाली का निर्माण किया जाएगा। कार्य प्रगति पर है। शेष बची जगह पर सौंदर्यीकरण होगा। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आरके पांडेय, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, स्वास्थ्य अधिकारी जावेद अली, सहायक बाजार अधिकारी थानसिंह यादव, उपअभियंता विकास दमाहे, करण साहू सहित अन्य मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

