- राजधानी के गांधी उद्यान में विशेष फल, फूल एवं सब्जियों की लगेगी तीन दिवसीय प्रदर्शनी : प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे मुख्यमंत्री
द सीजी न्यूज
राजधानी में तीन दिनों तक मौसमी व विशेष प्रजाति के फूलों, फलों तथा सब्जियों का संगम होगा। गांधी उद्यान में 7 से 9 जनवरी तक तीन दिवसीय विशेष फल, फूल और सब्जियों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। इसमें विशेष रूप से कट फ्लावर, पोइनसेटिया विशेष रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। विशेष इंडोर प्लांट, एरीका पॉम, स्नेक प्लॉन्ट्स भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनेंगे। प्रदर्शनी में 5 से 50 वर्ष तक के आयु के बोनसाई आकर्षण के केन्द्र रहेंगे। यह प्रदर्शनी उद्यानिकी विभाग, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, नगर निगम रायपुर और निजी संस्था ‘प्रकृति की ओर सोसायटी‘ की संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट किस्मों के फल, फूल और सब्जियों के लिए किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 7 जनवरी को शाम 5 बजे इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रदर्शनी का समापन 9 जनवरी को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रदर्शनी में जशपुर की चाय, रायगढ़ में काजू, बस्तर और रायगढ़ में ऑयल पॉम की खेती, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और महासमुंद की किए जाने वाले ड्रेगन फ्रूट के किसान अपनी फसलों को प्रदर्शित करेंगे।
‘प्रकृति की ओर सोसायटी‘ के सचिव मोहन वार्ल्यानी ने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदेश के प्रकृति प्रेमियों को विभिन्न प्रकार के विशेष फूल डच गुलाब, गेन्दा, ग्लेेडोलाई, सेंवती, डेहलिया के अतिरिक्त जरबेरा, फ्लाक्स बर्बीना, कारनेशन, एनथोरियम, एलकोनिया, लीली, बर्ड ऑफ प्राइड, पम्पास, बटन बॉमस, इत्यादि किस्मों के मौसमी फूलों की झलक मिलेगी।
उन्नत किस्मों के फलों और सब्जियों के पौधे और बीज विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा गमलों और छत पर सब्जी उगाने की विधि व जानकारी दी जाएगी। रोपण योग्य पौधे न्यूनतम मूल्य पर विक्रय के लिए उपलब्ध होंगे। प्रदर्शनी में स्टॉलों में औषधीय पौधों का प्रदर्शन और उनके औषधीय गुणों की जानकारी के साथ-साथ औषधीय पौधे निःशुल्क प्रदान किये जाएंगे। लोग स्टॉलों में कृषि उत्पाद, गृह वाटिका के लिए आवश्यक उपकरण, खाद, बीज और पौधे भी खरीद सकते हैं।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
