- अब शहर में नहीं होती डायरिया, पीलिया से मौतें
- कुत्तों के आतंक से भी मिली मुक्ति, पहले की तुलना में काफी कम दिखते हैं आवारा कुत्तों के झुंड
द सीजी न्यूज

दुर्ग / शहर के महापौर धीरज बाकलीवाल और पार्षदों का 3 साल का कार्यकाल 6 जनवरी 2023 को पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नगरीय निकाय मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा के मार्गदर्शन में तीन वर्षो में दुर्ग नगर निगम ने उत्कृष्ट कार्यों के कई नए आयाम गढ़े हैं। महापौर परिषद् ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये, जिससे शहर की जनता को मूलभूत सुविधाएं सुगम तरीके से मिलती रही। शहरी सरकार ने राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को आसानी से जनता तक पहुचाने का कार्य किया है। विषम परिस्थिति और चुनौतियों का सामना करते हुए शहर का सर्वागीण विकास किया गया।
तीन वर्षीय कार्यकाल पूरा होने के मौके पर महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा – आम जनता के साथ समर्पित भाव के साथ सेवा को मूलमंत्र बनाया गया। कई दिक्कतों के बावजूद इसी भावना के साथ नई परिषद ने दुर्ग की जनता की सेवा की। इसके नतीजे बेहद सुखद रहे। दुर्ग नगर निगम में हर समस्या का बेहद ठोस तरीके से समाधान किया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि तीन साल पहले नगर निगम दुर्ग का खजाना खाली था। नगर निगम की नई परिषद ने पदभार ग्रहण करते ही राजस्व वसुली बढाने का काम किया। कोराना जैसी महामारी के दौरान पीड़ित मरीजो के समुचित स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई। निगम के कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान करने के साथ ही नागरिकों को मुलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए शहर का विकास कार्य किया गया।
कोराना काल में महापौर व निगम की परिषद् सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने कोविड़ संकटकाल के समय प्रमुखता से शहर के जरूरतमंद लोगों की सहायता की। जिस समय पूरे देश कठोर लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था चौपट हो चुकी थी, उस समय दुर्ग निगम की नई परिषद द्वारा पूरे प्रदेश में सर्वप्रथम एमआईसी बैठक में जरूरतमंदो को कच्चा राशन और दिहाड़ी मजदूरो व बेसहारा लोगो को पके भोजन का पैकेट पहुंचाने का सेवाभावी कार्य सफलतापूर्वक किया गया। इस फैसले की प्रदेश स्तर पर सराहना हुई। बाद में इस फैसले को पूरे प्रदेश के नगरीय निकायों में लागू किया गया।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर का पहला पिकनिक स्पॉट 16 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा है। ठगड़ा बांध पिकनिक स्पॉट का काम 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। शहर की जनता को पहली बार इतनी शानदार सौगात मिलने जा रही है। शहर में पहली बार छत्तीसगढ़ी की संस्कृति की झलक दिखाते हुए लोककला मार्ग बनाया गया।
बेहतर मार्केट की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए इंदिरा मार्केट सब्जी बाजार में यूनिशेड का निर्माण किया गया। दुर्ग शहर के मुख्य मार्गों में दुधिया रोशनी के लिए हाईमास्ट लाईट लगाई गई। रेल्वे स्टेशन के पास वर्षों से पसरी गंदगी को हटाकर सुन्दर दुर्ग की कल्पना के साथ पेंटिग कार्य कराई गई। दीपक नगर में स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। शासन की पौनी पसारी योजना के तहत् चबुतरा निर्माण कर पुश्तैनी व्यवसाय करने वाले हितग्राहियों को आबंटित किया गया है। इस साल गौरव पथ निर्माण कार्य, शिवनाथ नदी रोड़ निर्माण कार्य जैसे प्रमुख कार्य प्रस्तावित हैं। शहर की सबसे बड़ी समस्या शंकरनाला पक्कीकरण कार्य भी इसी परिषद के कार्यकाल में पूर्णता की ओर है।
महापौर ने कहा कि अमृत मिशन योजना के अंतर्गत घर-घर नल कनेक्शन देने का महती कार्य किया गया। ओवरहेड पानी टंकियों का निर्माण भी पूरा कराया गया। कई साल से अधूरी पड़ी अमृत मिशन योजना को पूरा किया गया। मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत 1,98,171 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाईयां उपलब्ध कराने के साथ ही 36,409 मरीजो का ब्लड टेस्ट कराया गया। मुख्यमंत्री धनवन्तरी योजना के तहत दो सस्ती दवा दुकानों के माध्यम से अब तक 68,217 से अधिक लोगों द्वारा एमआरपी में 58 प्रतिशत् छूट के साथ दवाई खरीदी गई, जिससे लोगो को आर्थिक रूप से काफी बचत हुई।
महापौर धीरज बाकलीवाल ने कहा कि पुलगांव में गोकुल नगर और कृषि उपज मंडी में गौठान का निर्माण किया गया। 4 गोबर खरीदी केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जहां गोबर खरीदी का कार्य किया जा रहा है। अब तक लगभग 27,400 क्विटल गोबर खरीदी की गई है। इस योजना के तहत लगभग 54 लाख रुपये का भुगतान पशुपालको और कृषकों को किया गया है। गोबर से लगभग 2800 क्विटल वर्मी कम्पोस्ट और 1250 क्विंटल सुपर कम्पोस्ट खाद का निर्माण किया गया। इससे लगभग 35 लाख रुपये की आमदनी हुई।
मुख्यमंत्री मितान योजना अंतर्गत पूरे प्रदेश में दुर्ग निगम दूसरे स्थान पर रहा। कुल 5,654 हितग्राहियों को इसका लाभ मिला। लगातार दो बार सीआईआई थ्री आर अवार्ड से दुर्ग शहर को सम्मानित किया गया। भारत सरकार द्वारा दुर्ग शहर को खुले में शौच मुक्त करने के कारण अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। सफाई सुरक्षा चैलेन्ज में दुर्ग शहर को देश में छठवां स्थान प्राप्त हुआ। इसके अलावा सड़क-नाली, उद्यान निर्माण, पुलगांव नाला डायवर्सन, सड़क डामरीकरण, पेवर ब्लाक, भवन निर्माण, सभागार निर्माण कार्य, तीन वर्ष से लगातार फ्लॉवर शो, हॉकी, वेट लिफ्टिंग और जरूरतमंद खिलाड़ियो को खेल सामग्री प्रदान करने जैसे कार्य किये जा रहे हैं।
स्वामी आत्मानंद स्कूल के साथ-साथ चन्द्रशेखर आजाद स्कूल का संधारण व नवीनीकरण का कार्य किया गया। कामकाजी महिला छात्रावास, विद्युत शव दाह गृह निर्माण के कार्य किये जा रहे हैं। महापौर ने दुर्ग शहर को विकास की नई पहचान देने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नगरीय प्रशासन मंत्री शिवकुमार डहरिया, विधायक अरुण वोरा के प्रति आभार व्यक्त किया है। महापौर ने दुर्ग नगर निगम के कामकाज को उत्कृष्ट बनाने में सहयोग के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर.एन. वर्मा, सभापति राजेश यादव, महापौर एमआईसी परिषद के सदस्यगण, पार्षदगण व एल्डरमेन व नगर निगम के समस्त अधिकारी, कर्मचारियों और शहर के समस्त नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal