द सीजी न्यूज
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज राजिम महोत्सव स्थल पर भगवान श्रीराम की 25 फीट ऊंची भव्य मूर्ति का अनावरण किया। इस मूर्ति को 5 महीने की अल्पावधि में तैयार किया गया है। इस भव्य और विशाल मूर्ति को तैयार करने में ओड़िसा के 20 शिल्पकारों ने मुख्य भूमिका निभाई है। इसे हाथ से तराश कर छत्तीसगढ़ के बिल्हा स्टोन से निर्मित किया गया है। मूर्ति को 8 फीट ऊंचे नवनिर्मित चबूतरा में स्थापित किया गया है। इसकी भव्यता देखते ही बनती है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्री राजीव लोचन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राजिम-चौबेबांधा-नवागांव मार्ग चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और 3.7 किलोमीटर लंबे लक्ष्मण झूला पहुंच मार्ग का भूमिपूजन किया। राम वनगमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत त्रिवेणी संगम राजिम भी शामिल है। राज्य शासन द्वारा राजिम में राम वनगमन पर्यटन परिपथ के विकास के लिए 13 करोड़ 12 लाख रुपये की स्वीकृति दी गयी है। इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक धनेंद्र साहू, अमितेष शुक्ल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष महंत राम सुंदर दास उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal