द सीजी न्यूज
इस साल के अंत में छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सीएम भूपेश बघेल ने आज विधायकों की टिकट कटने को लेकर बड़ा बयान दिया है। सीएम के बयान को लेकर आज सियासी हलकों में जमकर चर्चा हो रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के कई विधायकों की टिकट कट सकती है। खराब परफार्मेंस वाले विधायकों को पार्टी द्वारा पहले ही रिपोर्ट कार्ड दिया जा चुका है। उन्हें आगाह कर दिया है कि समय रहते वे खुद को अपडेट कर लें।
धमतरी जिले के सिहावा विधानसभा में भेंट मुलाकात कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हेलीपैड पर पत्रकारों से चर्चा में सत्तारूढ़ विधायकों के परफारमेंस पर कहा कि उनकी परफॉर्मेंस देखी गई है। 5 उपचुनाव हुए हैं, उसमें कांग्रेस ने जीत दर्ज की है । इसका सीधा अर्थ यह है कि हमारा काम बेहतर है। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर विधायकों को समझाइश भी दी गई है कि अपने काम अपडेट कर लें। अगर वे नहीं कर पाते हैं और परफॉर्मेंस ठीक नहीं रहती है, तो 2023 विधानसभा चुनाव में उनका टिकट कटना तय है।
60 से ज्यादा विधानसभा में सीएम भूपेश बघेल की भेंट मुलाकात हो चुकी है। योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति और उसका लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिल रहा है या नहीं, इसका निरीक्षण करने भेंट मुलाकात कार्यक्रम चल रहा है। खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इसका जायजा ले रहे हैं। भेंट मुलाकात के दौरान उनके साथ अफसरों की टीम भी मौजूद रहती है। जनता से मिले फीडबैक के आधार पर विधानसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट बन रही है। जानकारी के अनुसार अब तक जिन 60 विधानसभा क्षेत्रों में सीएम दौरा कर चुके हैं, वहां कई विधायकों द्वारा क्षेत्र का दौरा न करने और आम जनता से कटे रहने की जानकारी सामने आई है। विकास कार्यों के प्रति असंतोष भी उभरा है। ऐसे विधायकों को परफार्मेंस सुधारने कहा जा रहा है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
