Breaking News

3.7 करोड़ से शहर में 10 और वार्डों में शुरू होंगे हमर क्लीनिक : विधायक अरुण वोरा की पहल पर राज्य शासन से मिली स्वीकृति

द सीजी न्यूज
वरिष्ठ कांग्रेस विधायक छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम के अध्यक्ष अरुण वोरा की पहल पर शहरी क्षेत्र के 10 और वार्डों में हमर क्लिनिक निर्माण और स्थापना के लिए राज्य शासन द्वारा स्वीकृति दी गई है। पूर्व में स्वीकृत 10 वार्डों में 2.5 करोड़ की लागत से क्लीनिक बनाने के लिए स्थल चयन किया जा चुका है। इसके बाद विधानसभा सत्र के दौरान वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव से स्वास्थ्य विभाग को प्रेषित किए गए प्रस्ताव को स्वीकृति देने का आग्रह किया था। वोरा की पहल के  बाद पंचशील नगर बोरसी, केलाबाड़ी मजार के पास, मिल पारा, जोगी नगर, नया पारा, शिव पारा कंडरा भवन, साईं नगर उरला, दीपक नगर और मीनाक्षी नगर में भी 25-25 लाख की लागत से सर्वसुविधायुक्त क्लीनिक भवनों का निर्माण और 12 लाख के सेटअप लगाए जाएंगे।
वोरा ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में पिछले 4 वर्षों की उपलब्धि को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि घर के पास एमबीबीएस डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के साथ 20 वार्डों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त होगी। कांग्रेस सरकार ने दुर्ग जिला मुख्यालय में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में लगातार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तार किया है। 14 करोड़ के मातृ शिशु अस्पताल, 3 करोड़ के ऑक्सीजन प्लांट, 11 करोड़ से सर्जिकल वार्ड, ट्रामा सेंटर के निर्माण के बाद 24 करोड़ रु से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कर जिला अस्पताल का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। 75-75 लाख की लागत से पोटिया, बघेरा और धमधा नाका में सर्व सुलभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन बनाए गए हैं। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट और हमर क्लीनिकों में अब तक घर के पास अपने ही वार्ड में 1 लाख से अधिक लोगों ने मुफ्त जांच और दवा की सुविधा प्राप्त की है। अब 10 नए हमर क्लीनिक स्वीकृत होने के बाद जल्द ही स्थल चयन कर उपयोगी स्थानों में निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!