द सीजी न्यूज
शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर विज्ञान महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव व प्रतिभा सम्मान समारोह में वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महाविद्यालय के मेधावी छात्रों को पुरुस्कार वितरण करने के साथ ही छात्र-छात्राओं को कई सौगातें दी। कालेज परिसर में प्रकाश व्यवस्था के लिए 7 लाख रुपए की लागत से हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। एलुमनी छात्रवृत्ति के लिए एक लाख रु की घोषणा भी की। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जल्द ही उच्च शिक्षा विभाग से 20 अतिरिक्त कमरों के लिए राशि मंजूर कराते हुए आने वाले सत्र में निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
इस मौके पर वोरा ने कहा कि 7000 से अधिक छात्र-छात्राएँ होने के साथ ही यह प्रदेश का एक मात्र ए प्लस ग्रेड प्राप्त महाविद्यालय है। प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं की सामूहिक मेहनत से कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को सदैव बरकरार रखा गया है, जिसके परिणाम स्वरूप राष्ट्रीय स्तर पर 98 उपलब्धियां और गोल्ड मैडल इस सत्र में प्राप्त किए गए हैं। कालेज में अधोसंरचना विकास के लिए भी निरंतर सामूहिक प्रयास आवश्यक है। जनभागीदारी, जनप्रतिनिधियों की निधि के साथ ही शासन स्तर पर भी पैसों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। बेहतर अधोसंरचना और बुनियादी सुविधाओं से परिणाम भी बेहतर प्राप्त होते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर धीरज बाकलीवाल ने की। जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में कालेज के प्राचार्य डॉ आर एन सिंह, प्राध्यापक एम ए सिद्दीकी, आर एन विश्वकर्मा, राजेन्द्र चौबे, ए के खान, डॉ अस्थाना, डॉ सलूजा, अरविंद शुक्ला समेत छात्र-छात्राएँ मौजूद थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


