द सीजी न्यूज
अपने पति के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने गई एक महिला पिछले 7 महीने से लापता है। 3 जुलाई 2022 को रात में धाम की परिक्रमा लगाते समय महिला अपने पति से बिछड़ गई। अभी तक उसका पता नहीं चला है। महिला के पति और परिजन उसकी तलाश में भटक रहे हैं। बुंदेली सेना ने बागेश्वर धाम सरकार से महिला को परिजनों से मिलाने की गुहार लगाई है।
बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि चित्रकूट जिले के खुटहा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद खंगार अपनी पत्नी मेडिया देवी (50) के साथ बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन करने गए थे। 3 जुलाई को रात के समय धाम की परिक्रमा लगाते समय मेडिया देवी अपने पति से बिछड़ गई। इसके बाद दुर्गा प्रसाद पत्नी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 4 जुलाई 2022 को बमीठा थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। 7 महीने बीतने के बाद भी महिला का पता नहीं चल पाया है।
दुर्गा प्रसाद अपने परिवारजनों के साथ महिला की तलाश कर रहे हैं। दुर्गा प्रसाद ने बताया कि मेडिया देवी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। कुछ लोग भूत -प्रेत का चक्कर बता रहे थे। इसी कारण पत्नी को लेकर बागेश्वर धाम गए थे। उसे क्या पता था कि यहां उसकी पत्नी ही खो जाएगी। साधारण किसान दुर्गा प्रसाद को उम्मीद है कि उसकी पत्नी उसे मिल जाएगी।
बागेश्वर धाम सरकार महिला को ढूंढने में करें मदद
बुंदेली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र शास्त्री पर सभी की आस्था है। दुर्गा प्रसाद की पत्नी की तलाश में बागेश्वर धाम सरकार को मदद करनी चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि सरकार गरीब किसान को उसकी पत्नी से मिलवाएं, ताकि लोगों की बागेश्वर धाम के प्रति आस्था में और अधिक वृद्धि हो।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
