द सीजी न्यूज
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) द्वारा छत्तीसगढ़ में अलोकतांत्रिक कार्यवाही किये जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने आज सुबह 11 बजे सांकेतिक धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस के कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। कांग्रेसियों ने प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी की।
रायपुर शहर और रायपुर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वाधान में हुए धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर कांग्रेस के 85 वें महाअधिवेशन में बाधा डालने के लिये कांग्रेस नेताओं के घर पर 20 फरवरी को ईडी की छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने 21 फरवरी को ईडी कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था। इसी के तहत आज धरना दिया गया।
धरना स्थल पर विधायक धनेंद्र साहू, अरुण वोरा, कुलदीप जुनेजा, अनिता योगेंद्र शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, रायपुर के महापौर ऐजाज ढेबर, पंकज शर्मा, रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष ऊधोराम वर्मा, रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे सहित सैकड़ों कांग्रेसी मौजूद रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

