- कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अधिवेशन की तैयारियों और व्यवस्थाओं को माना मिसाल, जमकर सराहना की
द सीजी न्यूज
- कोर टीम के साथ कांग्रेस की पूरी टीम को एकजुट रखने में भूपेश कामयाब रहे
- अधिवेशन में रायता फैलाने की कोशिश करने वालों पर थी पैनी नजर
- अगले साल लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रमुख योद्धा होंगे

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तीन दिवसीय कांग्रेस महाधिवेशन के बाद सीएम भूपेश बघेल का पार्टी में कद और बढ़ गया है। इसी साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। पार्टी नेता मान रहे हैं कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की जीत 2 सौ प्रतिशत तय है। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने भूपेश के कल्याणकारी कार्यक्रमों की न सिर्फ जमकर सराहना की है, बल्कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित अन्य नेताओं ने खुले तौर पर कहा कि भूपेश स्टाईल में ही भाजपा से निपटना होगा। साफ जाहिर है कि भूपेश स्टाईल (आक्रामक तेवरों के साथ) में भाजपा से लड़ने पर कांग्रेस तैयार है। यह भी साफ हो गया है कि विधानसभा चुनाव के बाद अगले साल लोकसभा चुनाव में खरगे, राहुल गांधी सहित अन्य शीर्ष नेताओं के साथ सबसे प्रमुख योद्धाओं में भूपेश बघेल का नाम भी शामिल होगा।
इस अधिवेशन को लेकर जिस अंदाज में सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस की टीम को पूरी तैयारियों में झोंका, उसे एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक प्रेक्षकों का कहना है कि महाधिवेशन के सफल आयोजन से भूपेश ने अगले विधानसभा चुनाव के लिए न सिर्फ खुद को कांग्रेस का सीएम फेस होने का दावा ठोका है, बल्कि राज्य में उनके लिए चुनौती लगभग समाप्त हो गई है। अधिवेशन के बाद पहले से राज्य के पावरफुल सीएम कहे जाने वाले भूपेश बघेल अब सुपर पावर बन चुके हैं। अधिवेशन के सफल आयोजन के बाद उनके विरोधी भी इस बात को समझ चुके हैं कि अगले विधानसभा चुनाव में भूपेश ही पार्टी का चेहरा होंगे।
अव्यवस्था फैलाने वाले असंतुष्टों पर नजर रख रही थी विश्वस्त लोगों की टीम
तैयारियों में दिन रात जुटे रहे रायपुर के एक प्रमुख कांग्रेसी ने बताया – सीएम भूपेश बघेल हर स्तर पर बेहद चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने की जा रही तैयारियों की रोज समीक्षा करते रहे। एक-एक तैयारी पर जीरो एरर के लिए सभी जरूरी संसाधन झोंके गए। सीएम कितने सजग थे, इसका अंदाज इसी बात से लगाया जा सकता है कि कमान संभालने वाले असंतुष्टों पर बराबर नजर रखी जा रही थी। एक गुट विशेष से जुड़े लोगों ने कुछ हद तक रायता फैलाने की कोशिशें भी की। होर्डिंग लगाने और पास वितरण को लेकर कुछ हद तक नाराजगी की खबरें भी मिली, लेकिन इसे तत्काल संभाल लिया गया। जिन लोगों ने रायता फैलाने की कोशिश की, उनकी रिपोर्ट लाल स्याही से लिखी जा चुकी है।
अब राज्य का बजट पेश करने की तैयारी में जुटे भूपेश
अब भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ का चुनावी बजट पेश करने की तैयारी में जुटे हैं। यह बजट बेहद लोकलुभावन होगा, यह तय माना जा रहा है। 1 मार्च से 24 मार्च तक चलने वाले सत्र में बघेल अपने मौजूदा कार्यकाल का आखिरी बजट पेश करेंगे। चुनावी पिटारे में कितनी सौगातें होगी और कैसी सौगातें होगी, इसे लेकर फिलहाल अटकलों का बाजार गर्म है। अनियमित कर्मचारियों के लिए राहत मिलने की खबर जोरशोर से चल रही है। किसानों और गांव के लिए नई सौगातें मिलने के साथ ही शहरी इलाकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं बजट में शामिल की जाएगी।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal