द सीजी न्यूज
नई दिल्ली। राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव 2023 में छत्तीसगढ़ के नाम बडी़ उपलब्धि दर्ज हुई है। रायपुर की माहिरा खान को युवा संसद महोत्सव में तीसरा स्थान मिला है। छत्तीसगढ़ के किसी युवा को पहली बार यह अवार्ड हासिल हुआ है। माहिरा खान रायपुर निवासी नासिर खान की पुत्री हैं। उन्होंने जामिया यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में एमए की शिक्षा हासिल की है। आज संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित समापन समारोह में माहिरा को युवा संसद में तीसरा स्थान मिलने पर एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया।
समारोह में लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने संबोधित किया। महोत्सव के तीन राष्ट्रीय विजेताओं ने भी कार्यक्रम के दौरान अपने विचार रखे। माहिरा ने PIECE BUILDING AND RECONCILIATION विषय पर अपने विचार व्यक्त किये। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने राष्ट्रीय विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया। बिरला ने अपने संबोधन के दौरान छत्तीसगढ़ की माहिरा की उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने माहिरा के विचारों की तारीफ करते हुए ट्वीट भी किया।
द सीजी न्यूज से बातचीत के दौरान माहिरा ने बताया कि इस साल उन्होंने राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव में दूसरी बार छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है। पुरस्कार मिलने पर खुशी जताते हुए माहिरा ने कहा कि देश भर के युवाओं के बीच छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल कर गर्व महसूस कर रही हैं। गौरतलब है कि युवा संसद महोत्सव के लिए 28 राज्यों और 8 संघ राज्य क्षेत्रों के 755 जिलों में हुई स्क्रीनिंग प्रक्रिया में लगभग 2.01 लाख युवा शामिल हुए।
राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव, 2023 में ‘बेहतर कल के लिए आइडिया: पूरे विश्व के लिए भारत’ थीम के साथ शुरू किया गया। जिला स्तरीय युवा संसदों में 7140 युवाओं ने भाग लिया। राज्य युवा संसदों में 1407 युवाओं ने समसामयिक मुद्दों पर चर्चा की। राज्यों और संघ राज्यक्षेत्रों में आयोजित विभिन्न प्रतिस्पधार्ओं के आधार पर चुने गए 85 युवाओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सार्वजनिक मुद्दों से जुड़ने और आम आदमी के दृष्टिकोण को समझने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही युवाओं में निर्णय क्षमता विकसित करना और इसे बढ़ाना है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं के विचारों को नीति-निमार्ताओं और इन नीतियों का कार्यान्वयन करने वालों तक पहुंचाना भी है ताकि इस पर आगे कार्यवाही हो सके।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal


