द सीजी न्यूज
कर्नाटक में विधायक के घर से करोड़ों रुपए मिलने के मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया है। भूपेश ने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा शासित राज्यों में 40 प्रतिशत कमीशनखोरी हो रही है। विधायकों से करोड़ों रुपए मिल रहे हैं। दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में प्रति व्यक्ति आय बढ़ रही है। बेरोजगारी देश से कम है। जीडीपी देश से ज्यादा है। नतीजा ये है कि छत्तीसगढ़ में ईडी आ रही है और वहां चुनावी तैयारी हो रही है।
सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस शासित राज्य छत्तीसगढ़ और भाजपा शासित राज्य कर्नाटक को लेकर अखबारों में छपी दो रिपोर्ट भी ट्वीट की है। इसमें छपे तथ्यों और घटनाक्रमों को लेकर भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है। जहां बेहतर कार्य हो रहा है वहां ईडी के छापे पड़ रहे हैं और जहां करोड़ों की कमीशनखोरी हो रही है, वहां चुनावी तैयारी हो रही है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में ईडी और इंकम टैक्स के छापों को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावर रही है। खास तौर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लगातार इस मामले को उठा रहे हैं। इसी मामले को लेकर अब उन्होंने भाजपा पर नया हमला बोला है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

