छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने जनगणना जल्द कराने, जीएसटी क्षतिपूर्ति, कोल रॉयल्टी सहित विभिन्न लंबित मांगों पर प्रधानमंत्री से चर्चा की। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने सीएम हाउस में आयोजित होली महोत्सव का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने होली पर फाग गाते हुए देखा आपको।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात के बाद मीडिया प्रतिनिधियों को बताया कि प्रधानमंत्री ने सीएम हाउस भिलाई में आयोजित होली महोत्सव का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने होली पर फाग गाते हुए आपको देखा। आप साथियों के साथ होली का त्यौहार मना रहे थे। प्रधानमंत्री ने मुलाकात के दौरान होली की बधाई भी दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने होली पर अपने भिलाई निवास में साथियों के साथ रंग-गुलाल खेला और ढोल-नगाड़ों के साथ फाग गीत भी गाए थे। इस आयोजन का वीडियो प्रधानमंत्री ने भी देखा और इसका जिक्र मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भी किया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से की जल्द जनगणना कराने की मांग
मुलाकात में मुख्यमंत्री ने जीएसटी क्षतिपूर्ति का मुद्दा रखते हुए कहा कि उत्पादक राज्य होने की वजह से छत्तीसगढ़ को वाणिज्यिक कर राजस्व में कमी का सामना करना पड़ रहा है। जून 2022 से अब तक जीएसटी क्षतिपूर्ति की 1375 करोड़ की राशि केन्द्र सरकार के पास लंबित है, जिसे शीघ्र प्रदान किया जाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कोल ब्लॉकों से एडिशनल लेवी के रूप में प्राप्त रॉयल्टी की 4170 करोड़ की राशि का शीघ्र भुगतान करने का अनुरोध भी प्रधानमंत्री से किया है।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को राजकीय पशु वनभैंसे का प्रतीक चिन्ह भेंट किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द जनगणना कराए जाने का आग्रह किया है। 2011 के बाद जनगणना न होने से हितग्राहियों के चयन में दिक्कत आ रही है। कई पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने पूर्व में प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा था।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से नवा रायपुर से दुर्ग के लिए शुरू किए जाने वाले लाइट मेट्रो सर्विस के लिए प्रधानमंत्री से सहयोग मांगा है। मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि सितंबर माह में जी-20 के चौथे स्थायी वित्त कार्य समूह की बैठक छत्तीसगढ़ में होने वाली है। इसकी तैयारी को लेकर प्रधानमंत्री से चर्चा की गई। बैठक को लेकर प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ है। मैंने जी-20 के अतिथियों के लिए विश्व स्तर की व्यवस्था के लिए प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछली मुलाक़ात में मिलेट मिशन पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री ने रायपुर में मिलेट कैफे शुरू किए जाने का सुझाव दिया गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री को बताया कि इस पर अमल करते हुये रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में मिलेट कैफे की शुरुआत की गई है।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal
