द सीजी न्यूज
दुर्ग / फ्लाईओवर निर्माण में तेजी लाने कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने हर दिन एसडीएम को फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति की मानिटरिंग करने के निर्देश दिये हैं। आज उन्होंने एनएच के चारों फ्लाईओवर निर्माण का निरीक्षण किया। उन्होंने चारों फ्लाईओवर को पूरा करने की तारीख की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण एजेंसी अब हर दिन का प्लान साझा करें और रोज एसडीएम देखेंगे कि हर दिन प्लान के मुताबिक काम हो रहा है या नहीं।
एसडीएम मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। एसडीएम यह भी देखेंगे कि एजेंसी ने कितने लेबर लगाए हैं और समय पर काम पूरा करने के लिए कितने लेबर लगाने थे। हर दिन शेड्यूल के मुताबिक निर्धारित काम की मानिटरिंग भी एसडीएम करेंगे। कलेक्टर भी हफ्ते में एक बार एनएच में बन रहे फ्लाईओवर्स की मानिटरिंग करेंगे। आज निरीक्षण के दौरान एनएच के अधिकारियों के साथ एसडीएम मुकेश रावटे और जागेश्वर कौशल व ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर भी मौजूद रहे।
जगमगाती रोशनी और सुंदर गार्डनिंग से सजेगा फ्लाईओवर
कलेक्टर ने फ्लाईओवर के निर्माण में जनसुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देश दिये। उन्होंने सभी फ्लाईओवर में पार्किंग स्पेस भी देखा। हर स्पान में अलग तरह के पौधे लगाने कहा। इसमें लाइटिंग भी शानदार की जाएगी।
दुर्घटना की आशंका बिल्कुल न रहे, संकेतक सभी जगहों पर हों
कलेक्टर ने चारों फ्लाईओवर में सुरक्षा संबंधी बारीकियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर्स में जिन जगहों पर बिजली की व्यवस्था नहीं है, वहां बिजली व्यवस्था तत्काल कर दें। संकेत सूचक सभी जगहों पर होना चाहिए। कोई भी ऐसा प्वाइंट नहीं छूटना चाहिए जिससे दुर्घटना की आशंका बनती है। एजेंसी सुरक्षा संबंधी मानकों पर पूरा ध्यान दें। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि कुछ टेक्निकल एरर्स थे जिन्हें ठीक कर लिया गया है। लोड टेस्ट और स्ट्रेस टेस्ट किये जाने के बाद फ्लाईओवर्स ओवर शुरू किये जाएंगे। कलेक्टर ने कहा कि लोड टेस्ट और स्ट्रेस टेस्ट के दौरान इस बात का ध्यान रखें कि ट्रैफिक संबंधी असुविधा नागरिकों को न हो। यह कार्य तय समयसीमा में ही पूरा कर लें ताकि ट्रैफिक में किसी तरह की बाधा न आए।
इस तारीख तक पूरा होगा काम
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी से फ्लाईओवर्स के आरंभ होने की समय सीमा पूछी। एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि सुपेला ओव्हरब्रिज का कार्य 31 मार्च तक, पावर हाउस ओव्हर ब्रिज का कार्य 31 मई तक और ट्रांसपोर्ट नगर व ओव्हर ब्रिज का कार्य 15 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

