Breaking News

26 करोड़ रुपए की लागत से कुम्हारी के बड़े तरिया के सौंदर्यीकरण का काम पूरा : लेजर शो के माध्यम से दिखेगी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और विकास की झलक : म्यूजिकल फाउंटेन में सुनाई देंगी सुरीली धुन

द सीजी न्यूज

दुर्ग/  कुम्हारी में 26 करोड़ रुपए की लागत से बड़े तालाब के सौंदर्यीकरण और विकास का कार्य पूरा हो चुका है। तालाब के पास एक सुंदर ओपन अरेना में कुम्हारी के नागरिक बैठकर शाम के वक्त लेजर शो के माध्यम से छत्तीसगढ़ के विकास और यहां की सुंदर सांस्कृतिक रंगों की झलक देख सकेंगे। कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने बड़ा तालाब के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास भी मौजूद रहे। कुम्हारी नगरपालिका के अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर भी इस मौके पर मौजूद रहे।

मिलेट्स कैफे और फूड जोन – बड़ा तालाब के एंट्रेस गेट के पास ही मिलेट्स कैफे और फूड जोन बनाए गए हैं। यहां लोग मिलेट्स से बने व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे। फूड जोन में अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ भी ले सकेंगे। यहां सुंदर लैंडस्केप और पाथवे के किनारे सुंदर फूलों से लदे हेजेस बेहद मनमोहक हैं। तालाब के उस पार पहुंचने के लिए पुल बनाया गया है, ताकि तालाब परिसर के चारों ओर घूमने का आनंद लिया जा सके।

ई-टाय ट्रेन और प्ले जोन बच्चों के लिए खास – तालाब में ई-टाय ट्रेन बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष तौर पर बनाई गई है। यह ट्रेन बैटरी से चलेगी। इसमें बैठकर बच्चों को पूरे सरोवर के किनारे की सैर करने का आनंद मिलेगा। बच्चों के मनोरंजन के लिए प्लेजोन भी बनाया गया है। प्ले जोन काफी बड़ा है और यहां की खेल सामग्री काफी अनूठी है, जो बच्चों का मन लुभा लेगी।

ओपन अरेना और टाप प्लेटफार्म से देखने की सुविधा – तालाब का सबसे सुंदर आकर्षण ओपन अरेना है। यहां पर सीढ़ियों की व्यवस्था है ताकि यहां से बैठकर लेजर शो का आनंद लिया जा सके। इसके साथ ही म्यूजिकल फाउंटेन की स्वरलहरियों का बैठकर आनंद लेने के लिए भी यह शानदार जगह होगी। जो लोग ऊंचाई से इस शो का आनंद लेना चाहते हैं, उनके लिए टाप प्लेटफार्म से भी इसे देखने की सुविधा है। देखने की खास जगह और लेजर शो के माध्यम से शानदार वृत्तचित्र इस जगह को बेहद खास बनाएंगे। यहां दिखाई जाने वाली वृत्तचित्र का थीम नियमित रूप से बदलेगा, ताकि हर बार आने पर दर्शकों को अलग तरह के लेजर शो दिखाए जा सकें।
हरियाली से भरा है पूरा परिसर – पूरा परिसर हरियाली से भरा है। पूरे परिसर में छायादार पेड़ लगाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये हैं। यहां पर अन्य पेड़ों के साथ ही बरगद आदि के पौधे भी रोपे जा रहे हैं। हरियाली के साथ ही लाइटिंग भी इस परिसर की जान है। तालाब को सुंदर स्वच्छ बनाये रखने और यहां का ईको सिस्टम अच्छा रखने के लिए एसटीपी और वाटर एरियेटर की सुविधा भी यहां है।

Check Also

जेआरडी स्कूल में बनेगा 270 सीटर ऑडिटोरियम

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के पहल से ऐतिहासिक स्कूल का होगा संरक्षण THE CG NEWS …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!