द सीजी न्यूज
ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे में अब तक 288 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा और फिर अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। घटनास्थल में पीएम मोदी ने वहां मौजूद अधिकारियों से भी मुलाकात की। पीएम ने घटनास्थल से ही कैबिनेट सचिव राजीव गौबा और स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया से सीधे बात की। मीडिया से बातचीत करते हुए मोदी ने कहा कि हादसा विचलित करने वाला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।
पीएम मोदी ने अधिकारियों से लोगों के अच्छे इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इसी के साथ उन्होंने घायलों और उनके परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने को कहा। पीएम मोदी ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शोक संतप्त परिवारों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। इस बड़े हादसे में घायल हुए करीब एक हजार लोगों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।
बालासोर जिले में शुक्रवार शाम तीन ट्रेनों की टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 288 हो गई है। कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से भीषण रेल हादसा हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के बालासोर जिले के बाहानगा में रेल दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने राहत और परिचालन बहाली कार्यों का जायजा लिया।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

