- विशेषीकृत दत्तक ग्रहण अभिकरण को कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
- अभिकरण का संचालन करने वाली संस्था प्रतिज्ञा विकास संस्थान दुर्ग का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की अनुशंसा
- कांकेर में बच्चियों के साथ निर्ममतापूर्वक मारपीट की घटना को बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने लिया संज्ञान
द सीजी न्यूज
रायपुर। राज्य सरकार ने कांकेर में बच्ची से मारपीट के मामले में सख्त कार्रवाई की है। राज्य सरकार ने तत्कालीन जिला कार्यक्रम अधिकारी चंद्रशेखर मिश्रा को विशेषीकृत दत्तक एजेंसी कांकेर के विरुद्ध शिकायतों की जांच में लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है । कांकेर की कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला के निर्देश पर बच्चों से मारपीट की आरोपी समन्वयक (विशेषीकृत दत्तक ग्रहण एजेंसी) सीमा द्विवेदी के विरुद्ध आईपीसी की धारा 323, 75 किशोर न्याय( बालकों के देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 3(2) वी (क) अनुसूचित जाति / अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मारपीट की आरोपी समन्यवक सीमा द्विवेदी को हिरासत में ले लिया है।
कांकेर कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने प्रतिज्ञा विकास संस्थान, विशेषीकृत दत्तक ग्रहण अभिकरण कांकेर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उक्त अभिकरण के विरुद्ध शिकायत मिलने पर संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा 4 जून 2023 को अभिकरण का औचक निरीक्षण किया गया, जांच में शिकायत की सत्यता की पुष्टि हुई। शिकायतों की पुष्टि के बाद कलेक्टर ने कांकेर में विशेषीकृत दत्तक ग्रहण अभिकरण का संचालन करने वाली संस्था प्रतिज्ञा विकास संस्थान दुर्ग का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने हेतु संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग को अनुशंसा की है। कलेक्टर डॉ प्रियंका शुक्ला ने बताया कि समस्त बच्चों की सुरक्षा और देखरेख के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
बाल अधिकार संरक्षण द्वारा कराई जाएगी जांच
छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम ने कांकेर के दत्तक ग्रहण एजेंसी में बच्चियों के साथ निर्ममतापूर्वक मारपीट का समाचार व वीडियो जानकारी में आते ही प्रकरण पर तत्काल संज्ञान लेकर प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिये हैं। आयोग के सदस्य अगस्टीन बर्नाड को कांकेर में घटना स्थल पर जाकर विस्तृत जाँच कर तुरंत प्रतिवेदन देने के निर्देश दिये गये हैं। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष तेजकुंवर नेताम ने बच्चों की रहवासी संस्थाओं में ऐसी घटनाओं पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही व निर्ममता और बच्चों के अधिकारों के घोर हनन की स्थिति पर आयोग बेहद सख्त कदम उठाएगा।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal