Breaking News

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ आगमन से राज्यवासियों को सौगातें मिलेगी या सिर्फ मोदी सरकार की जुमलेबाजी होती रहेगी : राजेंद्र साहू

  • शाह बताएं – मोदी सरकार ने 2014 में किये गए कितने चुनावी वादों को पूरा किया
  • महंगाई कम करने, हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार, किसानों की आय दोगुना करने की दिशा में मोदी सरकार ने क्या किया ?

द सीजी न्यूज   

               

गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राजेंद्र साहू ने एक बार फिर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। राजेंद्र ने सवाल किया है कि गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ की जनता के लिए किन सौगातों का पिटारा लेकर आ रहे हैं ? शाह को अपने दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए कि 2014 चुनाव के दौरान किये गए कितने वादों को मोदी सरकार ने पूरा किया।        

राजेंद्र ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री को बताना चाहिए कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने के वादे का क्या हुआ ? कितने करोड़ लोगों को 9 साल में रोजगार मिला और केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में कितने बेरोजगारों को नौकरी दी। सच ये है कि हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा पूरा करने में मोदी सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है।

राजेंद्र ने कहा कि अमित शाह को यह भी बताना चाहिए कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए कौन से फैसले किये गए ? कीटनाशक दवाओं, कृषि उपकरणों की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि करने का फैसला क्यों किया गया ? तीन काले कृषि कानून से किसानों को तंग करने वाली केंद्र सरकार अब विधानसभा चुनाव से पहले किसानों को क्या कोई राहत देगी ? या सिर्फ जुमलेबाजी होती रहेगी ?

राजेंद्र ने कहा कि भाजपा ने 9 साल पहले महंगाई कम करने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। उलटे, मोदी सरकार ने कई गुना महंगाई बढ़ा दी। शाह को बताना चाहिए कि उनके छत्तीसगढ़ आगमन से महंगाई कितनी कम होगी ? पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री सहित हरेक वस्तुओं की कीमतें कितनी कम होगी ?     

इसी तरह कोरोना संकटकाल में केंद्र सरकार ने 20 लाख करोड़ के पैकेज की घोषणा की थी। शाह को बताना चाहिए कि इस पैकेज से छत्तीसगढ़ की जनता को क्या मिला ? इतनी बड़ी रकम का पैकेज आखिर गया कहां ? राजेंद्र ने आगे कहा कि अमित शाह क्या छत्तीसगढ़ में बीएसपी, बालको, कोरबा पॉवर प्लांट जैसे किसी नए विशाल उद्योग की स्थापना की घोषणा करेंगे ?

राजेंद्र ने कहा कि शाह को छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान बताना चाहिए कि नोटबंदी से छत्तीसगढ़ की जनता को क्या फायदा हुआ ? दो हजार के नोट छापने का फैसला क्या सही था ? अगर फैसला सही था तो दो हजार के नोट क्यों बंद किये गए ? शाह यह भी बताएं कि छत्तीसगढ़ में रेल सुविधा क्यों कम की जा रही है ? ट्रेनें रद्द क्यों की जा रही है ? क्या उनके आगमन से ट्रेन सुविधाएं बढ़ेगी ?     

राजेंद्र ने कहा कि सच ये है कि केंद्र की मोदी सरकार ने 9 साल के कार्यकाल में जुमलेबाजी के सिवा कोई काम नहीं किया। अगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव सामने देख वोटों की राजनीति करने आ रहे हैं, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि छत्तीसगढ़ के लोग चुनावी हित साधने वालों की राजनीति को अच्छी तरह समझते हैं और ऐसे लोगों को करारा जवाब देना भी जानते हैं।

Check Also

शिक्षा मंत्री से मिले रिकेश : तूफान और खराब मौसम के कारण स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित करने की मांग की

THE CG NEWS भिलाई नगर। जिले में तूफान और मौसम में लगातार हो रहे बदलाव …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!