द सीजी न्यूज
कसारीडीह वार्ड 42 में हो रहे पार्षद उपचुनाव के लिए कांग्रेस, भाजपा के प्रत्याशी और उनकी पार्टी के नेताओं ने प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा खेमा हर हाल में चुनाव जीतने के मकसद से चुनाव प्रचार में जुटा है। वहीं कांग्रेस खेमे से महापौर समेत सभी कांग्रेस पार्षद तीर्थ यात्रा पर रवाना हो गए हैं। विधायक अरुण वोरा ने प्रचार की कमान संभाल ली है।
सोमवार को शाम से वोरा ने वार्ड 42 का धुआंधार प्रचार करते हुए नागरिकों से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते को वोट देने की अपील की। वोरा ने नागरिकों से कहा कि भाजपा शासनकाल में 15 साल तक दुर्ग शहर का विकास थमा रहा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुर्ग में विकास के लिए 4 सौ करोड़ रुपए से ज्यादा राशि स्वीकृत की है। इस राशि से दुर्ग शहर का समग्र विकास किया जा रहा है।

वोरा ने बिजली बिल हाफ, श्री धन्वंतरि मेडिकल स्टोर्स से कम कीमत में दवा खरीदी, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के जरिये हर वार्ड में निशुल्क मेडिकल चेकअप, 10 से ज्यादा स्थानों पर प्राइमरी हेल्थ सेंटर खोलने, स्वामी आत्मानंद स्कूल के माध्यम से बेहतर शिक्षा सहित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए नागरिकों से कांग्रेस प्रत्याशी को वोट देने की अपील की।
नागरिकों ने वोरा का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग का विकास किया है। शहर के बेहतर और सुनियोजित विकास के लिए नागरिकों ने वोरा का आभार मानते हुए कहा कि वार्ड 42 में कांग्रेस की शानदार जीत तय है। पिछले 50 साल से दुर्ग के घर-घर से वोरा परिवार का आत्मीय रिश्ता है। यह आत्मीयता हमेशा कायम रहेगी।
देवांगन परिवार की खुशियों में शामिल हुए वोरा : किचन में जाकर तलने लगे पूरियां
चुनाव प्रचार के दौरान वोरा देवांगन परिवार से मिलने पहुंचे। यहां देवांगन परिवार के वरिष्ठ सदस्य का जन्मदिन मनाया जा रहा था। वोरा ने पारिवारिक माहौल में उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। वोरा ने किचन में जाकर न सिर्फ महिलाओं से आत्मीयता से बातचीत की, बल्कि उनके साथ पूरियां भी तलने लगे। वोरा को पूरियां तलते देख वहां मौजूद लोग उनके सादगी भरे अंदाज की तारीफ करते रहे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal

