द सीजी न्यूज
नए शिक्षा सत्र में शहर के स्कूलों में शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा ने छात्र-छात्राओं का स्वागत व अभिनंदन किया। स्कूल खुलने पर पहले दिन स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी व हिन्दी मिडियम स्कूल दीपक नगर, आदर्श कन्या शाला, जेआरडी स्कूल, चंद्रशेखर आजाद स्कूल और पटरीपार के तितुरडीह में इस साल प्रारंभ होने वाले स्वामी आत्मानंद स्कूल में जाकर वोरा ने बच्चों का मनोबल बढ़ाया।
वोरा ने शिक्षकों को शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को सुधार लाने लगातार प्रयास करने कहा। प्रवेशोत्सव के अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश प्रदान किया गया। 9 वीं में प्रवेश लेने वाले छात्राओं को नि:शुल्क सायकल प्रदान किया गया। वोरा ने कहा कि हमारा यह संकल्प है कि उत्कृष्ट शिक्षा का वातावरण तैयार करने के लिए सभी व्यवस्थाएं स्कूल खुलने के पहले दिन से ही आवश्यक रूप से उपलब्ध हो।
वोरा ने कहा कि निगम क्षेत्र के स्कूलों के संधारण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा दो करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। सभी स्कूल भवनों को सुंदर बनाने का संकल्प भी लिया गया है। नए शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के साथ ही हमें शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने और शिक्षा के प्रति जन-जन का लगाव बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। शाला प्रवेशोत्सव के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी अभय जयसवाल, एल्डरमेन राजेश शर्मा, दीपक नगर स्वामी आत्मानंद स्कूल की प्राचार्य शेफाली सोनी, आदर्श कन्या शाला के प्राचार्य कृष्णा अग्रवाल, तितुरडीह स्वामी आत्मानंद प्राचार्य व जेआरडी स्कूल के प्राचार्य व शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
THE CG NEWS | Online hindi news in chhattisgarh Online hindi news portal



